Manali News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बुधवार सुबह हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध अटल टनल रोहतांग पहुंचीं। लॉन्ग वूलन कोट पहने राष्ट्रपति ने टनल के छोर पर रुककर तस्वीरें भी खिंचवाईं। उन्होंने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के वरिष्ठ अधिकारियों से टनल की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मनाली की ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी होने से मौसम काफी ठंडा हो गया है। प्रदेश भर में आज बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मनाली में सुबह बारिश नहीं हुई, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे। राष्ट्रपति दोपहर बाद माता हिडिंबा मंदिर जाएंगी।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अटल टनल को मंगलवार शाम से बुधवार दोपहर बाद तक भारी वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रखा गया। छोटे वाहनों को भी बुधवार सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक जाने की अनुमति नहीं थी। राष्ट्रपति की वापसी के बाद यातायात फिर सामान्य होगा।
सुबह करीब 9:30 बजे राष्ट्रपति का काफिला मनाली से अटल टनल के लिए रवाना हुआ। सुरक्षा कारणों से काफिला निकलने के बाद पलचान से आगे केवल आपातकालीन गाड़ियों को जाने दिया गया। बीआरओ और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे ताकि आम जनता को असुविधा न हो।