Mandi News: कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए सतर्क रहने की खबर है। मंडी जिले की हणोगी टनल में मंगलवार रात करीब 11:30 बजे एक तेंदुआ घुस गया। वहां से गुजर रहे कार चालक ने तेंदुए का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि टनल के अंदर दिखाई दिए जंगली जानवर की पुष्टि की जा रही है कि वह वास्तव में तेंदुआ है या कोई अन्य वन्य जीव।
सुरंग के आसपास का पूरा इलाका घने जंगलों से घिरा हुआ है। इस क्षेत्र में अक्सर जंगली जानवरों की मौजूदगी देखी जाती है। टनल का निर्माण होने के बाद देर रात शांत माहौल पाकर यह जंगली जानवर सड़क पर आकर सुरंग के भीतर प्रवेश कर गया।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार की रोशनी पड़ते ही तेंदुआ चौंक जाता है। इसके बाद वह रेलिंग की तरफ छलांग लगाकर आगे निकल जाता है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई है।
टनल के भीतर तेंदुआ दिखने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। रात के समय वहां से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों में सबसे ज्यादा खौफ देखा जा रहा है, जिन्हें जंगली जानवर के हमले का लगातार डर सता रहा है।