Chandigarh News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर हैं। सीएम विंडो और समाधान शिविर उनके प्राथमिक एजेंडे में शामिल हैं। ऐसे में एमिनेंट पर्सन सुनील इंदौरा ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि वे शिकायतों के निवारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सुनील इंदौरा और मार्केट कमेटी सदस्य सुरेश सुरा ने बातचीत की। इंदौरा ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के लिए जनसमस्याओं का समाधान सबसे पहली प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि फर्जी रिपोर्ट बनाकर मामले बंद करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुनील इंदौरा ने कहा कि कई अधिकारी गलत एक्शन टेकन रिपोर्ट तैयार करके शिकायतों को बंद कराने का प्रयास करते हैं। उन्होंने ऐसे लापरवाह और भ्रष्ट अधिकारियों की सूची तैयार कर मुख्यमंत्री को सौंपने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे खुद गलत रिपोर्टों की कॉपी मुख्यमंत्री को सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।
बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को रतिया आने का निमंत्रण दिया गया है, जिस पर उन्होंने जल्द आने का भरोसा दिया है। इंदौरा ने दावा किया कि हरियाणा में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री सैनी के नेतृत्व में ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं, जिसका असर पड़ोसी राज्यों में भी दिखेगा।