मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, रोड रोलर से टकराई ऑल्टो कार, तीन बच्चों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल

Share

- Advertisement -

Mandi News: मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर भटेहड़-कुन्नू के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े रोड रोलर से जा टकराई। इस हादसे में तीन बच्चों सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए मंडी रेफर किया गया है।

हादसा सुबह करीब पौने सात बजे हुआ। ऑल्टो कार मंडी से चौहारघाटी के थल्टूखोड़ की ओर जा रही थी। रास्ते में चालक को नींद की झपकी आ गई। इसके बाद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े निर्माण कंपनी के रोड रोलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और सुरक्षा गार्ड तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बचाव कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को पहले सिविल अस्पताल पधर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने तीन बच्चों समेत सभी घायलों को जोनल अस्पताल मंडी रेफर कर दिया।

घायलों की पहचान रीता देवी, तनवी, मुस्कान, जहानवी, शिवानी और मांगणू राम के रूप में हुई है। ये सभी चौहारघाटी की ग्राम पंचायत धमच्याण के ग्रामण गांव के निवासी हैं। परिजनों ने बताया कि ये लोग बिलासपुर में चरान का काम करते हैं और रिश्तेदार के निधन पर गांव लौट रहे थे।

एसडीएम सुरजीत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं। सभी को जोनल अस्पताल मंडी भेजा गया है। शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आना हादसे की मुख्य वजह लग रही है।” पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News