Kullu News: पार्वती जल विद्युत परियोजना चरण-दो के एडिट-5 टनल में लीकेज के बाद सड़क पर आए भारी मलबे से भटकांडा क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह कट गया है। इस कारण विभिन्न राज्यों से आए 23 पर्यटक पिछले सात दिनों से फंसे हैं। स्थानीय ग्रामीणों के विरोध के चलते मार्ग बहाली का काम रुका हुआ है।
मुआवजे और समझौते की मांग पर अड़े प्रभावित परिवार
हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और असम के सैलानी 18 सितंबर को छुट्टियां मनाने पहुंचे थे। 19 सितंबर को टनल लीकेज के बाद मार्ग अवरुद्ध हुआ, जिसे अब तक खोला नहीं जा सका। स्थानीय पंचायत और प्रभावित परिवारों की मांग है कि नुकसान का सही आकलन और लिखित समझौता होने के बाद ही रास्ता साफ करने दिया जाएगा।
लंबे समय तक फंसे रहने से सैलानियों का बजट गड़बड़ा गया है और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वाहन फंसे होने के चलते लोग बेहद परेशान हैं। होमस्टे संचालकों के अनुसार रास्ते की रुकावट न हटने पर अब पर्यटक अपनी गाड़ियां वहीं छोड़कर टैक्सी से वापस लौटने की तैयारी कर रहे हैं।
बुकिंग रद्द होने से होमस्टे और होटल कारोबार को लाखों का घाटा
रास्ता बंद होने की वजह से कई पर्यटक समूहों ने अपनी एडवांस बुकिंग रद्द कर दी है। रैबिट होमस्टे संचालक के मुताबिक अकेले उनके परिसर को करीब दो लाख रुपये का सीधा नुकसान पहुंचा है। स्थानीय कारोबारियों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि वह मध्यस्थता कर मार्ग को तुरंत बहाल करवाए ताकि पर्यटन को राहत मिल सके।