Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। आनी इलाके में रामपुर-औट-लुहरी नेशनल हाईवे-305 पर एक कार गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
यह दर्दनाक हादसा मंगलवार तड़के करीब 3 से 3:30 बजे के बीच हरिपुर और निमला के पास हुआ। कार में सवार सभी लोग एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग स्थानीय गांव जाबौं और कराणा के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक लोकेंद्र कुमार, जाबौं-कराणा पंचायत के प्रधान, गांव के लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गाड़ी में राहुल, विकास उर्फ विक्की, सुरेश कुमार, बालकृष्ण और गूंजन सवार थे। यह सभी जाब्बो गांव के रहने वाले थे। इस भीषण हादसे में सिर्फ सुरेश कुमार की जान बच सकी है। स्थानीय पटवारी ने घटना की विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी है।
स्थानीय विधायक लोकेंद्र कुमार नेगी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि निमला के पास हुई इस सड़क दुर्घटना से मन बहुत दुखी है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायल के जल्द ठीक होने की कामना की।