फरीदाबाद में दर्दनाक हादसा, छत पर खेलते समय पानी से भरी बाल्टी में डूबने से एक साल के मासूम की मौत

Share

- Advertisement -

Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित जीवन नगर पार्ट-2 में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां घर की छत पर खेल रहा एक साल का मासूम बच्चा अचानक पानी से भरी बाल्टी में गिर गया। दम घुटने से बच्चे की मौत हो गई। डॉक्टरों ने अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया।

घर की छत पर खेलते समय हुआ भयानक हादसा

मासूम आर्यन की दादी मीना के मुताबिक घटना के वक्त परिवार के सभी लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। आर्यन की मां छत पर बने कमरे में काम निपटा रही थीं, जबकि पिता बजरंगी काम के सिलसिले में बाहर गए थे। इसी बीच कमरे के बाहर छत पर खेलता हुआ आर्यन बाथरूम के पास पहुंच गया।

बाथरूम के पास पानी से भरी बाल्टी रखी हुई थी। खेलते-खेलते मासूम अचानक बाल्टी में मुंह के बल जा गिरा। काफी देर तक बच्चे की आवाज न आने पर जब परिजनों ने बाहर आकर देखा, तो वह बाल्टी के अंदर पड़ा मिला। इस नजारे को देखते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत किया घोषित

परिजन आनन-फानन में बेसुध मासूम को नजदीकी सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां जांच के उपरांत डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

संजय कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। बुधवार को आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के साथ शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News