Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग को शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड तय करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही छात्रों की वर्दी और स्कूल भवनों का रंग भी जल्द बदला जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग की अहम बैठक में यह निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीबीएसई मान्यता प्राप्त इन सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड इसी साल एक अक्टूबर से लागू होगा। बैठक में सरकारी स्कूलों के नए लोगो को फाइनल करने पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने स्कूलों में समय की पाबंदी और कड़े अनुशासन पर विशेष जोर दिया। इसके लिए इन संस्थानों में दिन में तीन बार उपस्थिति दर्ज करने का नियम बनाया गया है। राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाई काफी महंगी हो चुकी है। इसके मुकाबले सरकारी सीबीएसई स्कूलों में बच्चों को किफायती दरों पर बेहतरीन शिक्षा मिलेगी। सरकार इन संस्थानों में शिक्षकों की तैनाती पहले ही कर चुकी है ताकि बच्चों की पढ़ाई बेहतर तरीके से आगे बढ़ सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में पद खाली होते ही उन्हें तुरंत प्राथमिकता पर भरा जाए। इससे बच्चों की नियमित पढ़ाई में कोई रुकावट नहीं आएगी। सरकार ग्रामीण प्रतिभाओं को मजबूत मंच देने के लिए सभी जरूरी प्रशासनिक और ढांचागत इंतजाम तेजी से पूरे कर रही है।