Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मंगलवार को मूसलाधार बारिश और भूस्खलन से भारी तबाही हुई है। जिले में 55 सड़कें बंद हो गई हैं और 143 पेयजल योजनाएं पूरी तरह प्रभावित हुई हैं। सबसे ज्यादा नुकसान भटियात उपमंडल में दर्ज किया गया है।
सड़क, बिजली और पानी की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित
बारिश के बाद जगह-जगह भूस्खलन होने से कुल 81 सड़कें बंद हो गई थीं। लोक निर्माण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 26 सड़कों को बहाल कर दिया है। भटियात, तीसा, सलूणी और भरमौर की कई सड़कों पर मलबा गिरने से आवाजाही अब भी ठप पड़ी है।
बिजली के खंभे और तार टूटने से सलूणी और भटियात के करीब 150 गांवों में अंधेरा छा गया है। क्षेत्र में 80 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। बिजली बोर्ड की टीमें इन्हें ठीक करने में लगी हैं। पेयजल योजनाएं ठप होने से कई इलाकों में पानी का संकट पैदा हो गया है।
दोपहर बाद बारिश थमने पर राहत कार्य में आई तेजी
पहाड़ों से पत्थर और मलबा गिरने के कारण राहत काम में काफी रुकावट आ रही थी। दोपहर बाद बारिश थमने पर जल शक्ति विभाग और प्रशासन ने बहाली का काम तेज कर दिया है। विभिन्न विभागों को बारिश के कारण लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।