Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले से एक सुखद और मानवीय खबर सामने आई है। डल्हौजी उपमंडल की ढलोग पंचायत के बडेरू गांव की एक गर्भवती महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही 108 एम्बुलेंस में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। एम्बुलेंस स्टाफ की तत्परता से जच्चा और दोनों नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ हैं।
बडेरू गांव निवासी पवन कुमार की पत्नी माया देवी को बुधवार देर रात अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी। परिजनों ने बिना समय गंवाए आपातकालीन 108 सेवा पर कॉल किया। सूचना मिलते ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनीखेत से एम्बुलेंस तुरंत गांव पहुंची और मरीज को लेकर नागरिक अस्पताल डल्हौजी के लिए रवाना हुई।
रास्ते में बढ़ी पीड़ा, एम्बुलेंस स्टाफ ने कराया सुरक्षित प्रसव
अस्पताल के रास्ते में महिला का दर्द असहनीय हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोका गया। एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी सिकंदर और पायलट रोहित ने सूझबूझ दिखाई। ईएमटी सिकंदर ने अपने मेडिकल प्रशिक्षण का उपयोग करते हुए वाहन के भीतर ही महिला का सुरक्षित प्रसव करवाया।
सफल प्रसव के बाद चालक रोहित ने जच्चा और दोनों नवजातों को बिना देरी किए डल्हौजी अस्पताल पहुंचाया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद मां और दोनों बच्चों को पूरी तरह खतरे से बाहर बताया। संकट के समय देवदूत बनकर आए एम्बुलेंस कर्मचारियों की परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर सराहना की है।