Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के तीसा क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा के साथ बदसलूकी का गंभीर मामला सामने आया है। एक सिरफिरे युवक ने रास्ते में सुनसान जगह पर छात्रा को रोककर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है।
रास्ता रोककर की अश्लील हरकतें और दी धमकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब पीड़िता स्कूल की छुट्टी के बाद घर जा रही थी। रास्ते में आरोपी युवक ने छात्रा का रास्ता जबरन रोक लिया। आरोप है कि आरोपी ने छात्रा का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की और उसे डराते-धमकाते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
आरोपी युवक ने छात्रा पर दबाव बनाते हुए कहा कि वह उसके साथ चले या किसी अन्य लड़की को साथ भेजने के लिए राजी करे। इस खौफनाक घटना से बुरी तरह सहमी छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर तुरंत स्थानीय पुलिस थाने पहुंचे।
पुलिस ने पोक्सो एक्ट और बीएनएस में दर्ज किया मामला
तीसा पुलिस थाना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस की एक टीम तुरंत साक्ष्य जुटाने और आरोपी की तलाश में सक्रिय हो गई है।
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तीसा थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।