Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सुंडला के पास बैरा सियुल नदी किनारे बुधवार शाम एक पुराना कंकाल मिलने से दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
नदी किनारे शौच करने गए व्यक्ति की पड़ी नजर
डनून गांव के पास नदी किनारे शौच के लिए गए एक व्यक्ति ने क्षत-विक्षत कंकाल देखा। उसने बिना देर किए इसकी जानकारी किहार पुलिस थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जगबीर सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
शव पूरी तरह गल-सड़ चुका था, जिस कारण उसकी तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने हड्डियों और अवशेषों को सुरक्षित रूप से एकत्र किया। इसके बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए चंबा के क्षेत्रीय अस्पताल भिजवाया गया।
तीन दिन तक शव गृह में रखा जाएगा शव
सलूणी के एसडीपीओ रंजन शर्मा ने बताया कि शिनाख्त के लिए शव को तीन दिनों तक अस्पताल के शव गृह में सुरक्षित रखा जाएगा। इस दौरान वारिस मिलने पर पहचान के बाद डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट का मिलान किया जाएगा। पुष्टि होने के बाद ही शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
यदि तय समय सीमा के भीतर कोई परिजन या दावेदार सामने नहीं आता है, तो पुलिस प्रशासन नियमानुसार खुद शव का अंतिम संस्कार करवाएगा। नदी किनारे नरकंकाल मिलने से आसपास के क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।