Islamabad News: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के गिलगित जिले में शनिवार को हुए दो अलग-अलग हादसों में पुराने मकानों की छतें ढहने से चार बच्चियों समेत छह लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में तीन अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में शनिवार को एक पुराने और जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में दो से 12 वर्ष की आयु की चार बच्चियों की मलबे में दबने से मौत हो गई। बचाव दल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अंतर्गत हंगू जिले की दोआबा तहसील स्थित जदीद बांदा इलाके में पेश आया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय आपातकालीन बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबे को हटाकर चारों बच्चियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। शवों को पोस्टमार्टम और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
गिलगित में भी मकान ढहा, महिला और बच्चे की मौत
इसी प्रकार की एक अन्य घटना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के गिलगित जिले में सामने आई। शनिवार को बसीन क्षेत्र स्थित मियां कॉलोनी में एक पुराना मकान अचानक ढह गया। इस हादसे में एक महिला और एक बच्चे की जान चली गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पाकिस्तान की राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के अनुसार, सूचना मिलते ही राहतकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। बचावकर्मियों ने घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और एम्बुलेंस के माध्यम से प्रांतीय मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला और बच्चे को मृत घोषित कर दिया, जबकि शेष तीन घायलों का उपचार जारी है।