New Delhi News: दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी Nvidia के को-फाउंडर और सीईओ जेंसेन हुआंग निजी रिश्तों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कथित विवादों को लेकर चर्चा में हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कंपनी के बोर्ड ने इन मामलों की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। इस घटनाक्रम के बाद उनके नेतृत्व को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं।
प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनी Nvidia के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग के नेतृत्व को लेकर कॉरपोरेट जगत में हलचल बढ़ गई है। वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि निजी संबंधों, चीन से कथित संपर्कों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों के बीच कंपनी का बोर्ड उनके पद को लेकर बड़ा फैसला कर सकता है।
63 वर्षीय जेंसेन हुआंग पिछले तीन दशकों से अधिक समय से Nvidia का नेतृत्व कर रहे हैं। साल 1993 में स्थापित इस कंपनी ने उनके नेतृत्व में गेमिंग ग्राफिक्स कार्ड निर्माता से लेकर लगभग 4 ट्रिलियन डॉलर की मार्केट वैल्यू वाली प्रमुख एआई (AI) चिप कंपनी बनने तक का सफर तय किया है। हालांकि, हालिया मीडिया रिपोर्टों में सामने आए कथित विवादों ने कंपनी के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।
चीनी नागरिक से संबंधों और सुरक्षा चिंताओं का दावा
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पहला विवाद ऐलिस हुआंग नाम की एक महिला से जेंसेन हुआंग के कथित निजी संबंधों से जुड़ा है। बताया गया है कि ऐलिस सिंगापुर स्थित कंपनी ‘मेगस्पीड’ में वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं। यह मामला तब और गंभीर हो गया, जब अमेरिकी खुफिया एजेंसियों से जुड़े एक कथित मेमो में ऐलिस के चीन की स्टेट सिक्योरिटी से संभावित संबंधों को लेकर चिंता जताए जाने की बात सामने आई।
खुफिया एजेंसियों की ओर से यह आशंका जताई गई है कि इन संपर्कों के माध्यम से Nvidia की चिप्स चीन तक पहुंच सकती हैं। रिपोर्टों में यह दावा भी किया गया है कि अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद चीन के एक विश्वविद्यालय ने Nvidia की चिप्स खरीदी थीं।
कंपनी की महिला अधिकारी के साथ कथित रिश्तों की चर्चा
दूसरा विवाद Nvidia की ही एक महिला अधिकारी के साथ हुआंग के कथित संबंधों को लेकर सामने आया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के हवाले से कहा गया है कि कंपनी के कुछ पूर्व कर्मचारियों ने इस रिश्ते की जानकारी होने का दावा किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, मार्च महीने में सैन जोस में आयोजित Nvidia के GTC सम्मेलन के दौरान दोनों को एक होटल में काफी करीब देखा गया था और इससे जुड़ा एक वीडियो होने की भी बात कही जा रही है।
बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच, शेयरों में गिरावट का दावा
इन विवादों के सामने आने के बाद Nvidia के बोर्ड ने एक स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की है। इस जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान के निशाने पर थे और क्या इससे कंपनी की संवेदनशील जानकारियों को कोई नुकसान पहुंचा है। बोर्ड ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि अब तक राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी की गोपनीय कारोबारी सूचनाओं को किसी तरह का नुकसान पहुंचने का कोई प्रमाण नहीं मिला है।
जेंसेन हुआंग ने भी इस जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है। इस पूरे घटनाक्रम का असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिला है और रिपोर्ट सामने आने के बाद कारोबार के दौरान Nvidia के शेयरों में लगभग आठ प्रतिशत की गिरावट दर्ज किए जाने का दावा किया गया है। इसके साथ ही अमेरिकी राजनीति में भी यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।