Kathmandu News: नेपाल के मनांग जिले में तिब्बत सीमा के पास रविवार सुबह बड़ा हादसा पेश आया। 7,126 मीटर ऊंचे हिमलुंग हिमाल के बेस कैंप में आए भीषण हिमस्खलन में कम से कम 10 लोग लापता हो गए। अधिकारियों और अभियान संचालकों ने तलाश व बचाव कार्य तेज कर दिया है।
अभियान संचालक संघ नेपाल के महासचिव ऋषि भंडारी ने घटना की पुष्टि की है। लापता लोगों में दो व्यक्ति इमेजिन नेपाल प्राइवेट लिमिटेड और आठ हिमालयन हॉलिडेज से जुड़े हैं। अभियान संचालक मिंगमा ग्यालजे शेर्पा के अनुसार लापता सदस्यों में उनकी टीम के दो रसोई कर्मचारी भी शामिल हैं।
खराब मौसम के बीच चेतावनी और बर्फबारी से बिगड़े हालात
शेर्पा ने बताया कि मौसम की चेतावनी के बाद ज्यादातर टीमें नीचे लौट आई थीं। हालांकि कुछ लोग कैंप में ही रुके रहे, जो अचानक आए हिमस्खलन की चपेट में आ गए। पूरे क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बर्फबारी हो रही थी, जिसने पर्वतारोहण को बुरी तरह प्रभावित किया।
नेपाल पर्यटन विभाग के महानिदेशक रामकृष्ण लामिछाने ने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। शुक्रवार से बिगड़े मौसम के कारण नेपाल में कई सड़कें बंद हैं। अधिकारियों ने ट्रैकिंग और पर्वतारोहण पर अस्थायी रोक लगाई है। मनास्लु और धौलागिरी जैसे प्रमुख अभियानों को भी स्थगित करना पड़ा है।