Tehran News: अमेरिका और इजरायल के भीषण हमलों के बीच ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। ईरानी नेता मोहसेन हैदरी ने दावा किया कि तेहरान के जिस अस्पताल में मोजतबा का इलाज चल रहा था, उस पर बमबारी के बाद उन्हें मलबे से सुरक्षित निकाला गया था।
हैदरी ने कतर के अल अरबी चैनल को बताया कि मोजतबा के घायल होने के बाद तेहरान के तीन अस्पतालों पर हमले हुए। वे तीसरे अस्पताल में भर्ती थे, जहां से उन्हें बाहर निकाला गया। खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, इन हमलों में उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसे लेकर वैश्विक स्तर पर अटकलें बनी हुई हैं।
हमलों के बीच गुप्त कमरे में हुआ नए सर्वोच्च नेता का चुनाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक मोजतबा खामेनेई को 8 मार्च को नया सुप्रीम लीडर चुना गया। सरकारी मीडिया पर घोषणा होने से पहले खुद उन्हें भी इसकी जानकारी नहीं थी। विशेषज्ञों की सभा के कोम स्थित सचिवालय पर हुए हमले में आठ लोगों की मौत हो गई थी और कई जरूरी दस्तावेज नष्ट हो गए थे।
हैदरी ने स्पष्ट किया कि सदस्यों ने एक गुप्त कमरे में जाकर कागजों पर अपने वोट दर्ज किए थे और उन्होंने ही मोजतबा का नाम प्रस्तावित किया था। उन्होंने कहा कि मोजतबा पूरी तरह स्वस्थ हैं और देश का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। इससे पहले वे अपने पिता के प्रमुख सलाहकार के तौर पर काम करते रहे हैं।