दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी, जानिए आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम

Share

- Advertisement -

Delhi News: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में व्यापक बारिश का अनुमान जताया है। 28 और 29 सितंबर को कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। पंजाब में भी 27 से 29 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक इन राज्यों में बिजली कड़कने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के साथ ही कई इलाकों में तेज बारिश का दौर देखा जा रहा है।

आईएमडी के अनुसार मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है। दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना दबाव कमजोर पड़कर स्पष्ट रूप से कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है। इसके अगले 12 घंटों में और कमजोर होने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने हरियाणा के किसानों को खास सलाह दी है। किसानों को सिंचाई, खाद डालने और फसलों में कीटनाशक छिड़काव के काम फिलहाल टालने को कहा गया है। खेतों में पानी का भराव रोकने के लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं ताकि फसलों को नुकसान न पहुंचे।

उत्तराखंड के लिए मौसम विभाग ने सबसे गंभीर चेतावनी जारी की है। राज्य में भारी से बहुत भारी और कुछ इलाकों में अतिवृष्टि का अनुमान है। वहीं हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी तेज बारिश हो सकती है।

मध्य भारत के राज्यों में रविवार को पूर्वी मध्य प्रदेश और रविवार-सोमवार को छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश होगी। आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, बिहार और पूर्वोत्तर भारत में बारिश हो सकती है। 29 और 30 सितंबर को असम और मेघालय में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया गया है।

दक्षिण भारत के आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और लक्षद्वीप में इस सप्ताह बारिश का अनुमान है। दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक में 28 सितंबर और 30 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच भारी बारिश होगी। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी अक्टूबर की शुरुआत तक बारिश का दौर जारी रहेगा।

अंडमान सागर और अंडमान द्वीप समूह के क्षेत्रों में तूफानी मौसम की चेतावनी जारी की गई है। अगले 48 घंटों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। समुद्र की स्थिति खराब रहने के कारण मछुआरों को बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में न जाने की सलाह दी गई है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News