कजाकिस्तान के अल्माटी में खुदाई के दौरान मिला 2,200 साल पुराना सोने का भालू

Share

- Advertisement -

International News: कजाकिस्तान के दक्षिणी शहर अल्माटी स्थित कारागाइली कब्रिस्तान में पुरातत्व खुदाई के दौरान शोधकर्ताओं को लगभग 2,200 साल पुराना सोने का एक दुर्लभ भालू मिला है। लौह युग की एक कब्र से प्राप्त यह कलाकृति साका काल की मानी जा रही है, जो प्राचीन यूरेशियाई संस्कृतियों के आपसी संबंधों पर प्रकाश डालती है।

कजाकिस्तान के दक्षिणी शहर अल्माटी में पुरातत्व खुदाई के दौरान शोधकर्ताओं ने एक महत्वपूर्ण खोज की है। यहां के कारागाइली कब्रिस्तान में प्रारंभिक लौह युग (अर्ली आयरन एज) की एक प्राचीन कब्र की खुदाई करते समय लगभग 2,200 साल पुरानी सोने की एक दुर्लभ कलाकृति प्राप्त हुई है। यह कलाकृति एक छोटे भालू के आकार की है।

शोधकर्ताओं के अनुसार, यह प्राचीन मकबरा पहले लुटेरों द्वारा क्षतिग्रस्त किया जा चुका था। इसके बावजूद, यहां की गई गहन खुदाई में यह सोने की मूर्ति सुरक्षित मिल गई। जिस कब्र से यह कलाकृति बरामद हुई है, वहां मानव हड्डियों की संख्या भी काफी अधिक पाई गई है।

कलाकृति की बनावट और ऐतिहासिक महत्व

कजाकिस्तान सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, सोने का यह भालू अपने पिछले दो पंजों पर खड़ा है और इसके अगले दोनों पैर हवा में हैं। भालू के हाथों में एक बर्तन जैसी आकृति दिखाई देती है। कलाकृति के निचले हिस्से या आधार पर छोटे छेद बने हुए हैं, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इसे संभवतः किसी शाही मुकुट, सिर पर पहने जाने वाले आभूषण या विशेष पोशाक पर सिला जाता रहा होगा।

हालांकि इस क्षेत्र में पहले भी सोने से बनी जानवरों की अन्य आकृतियां मिल चुकी हैं, लेकिन भालू की यह आकृति अपनी तरह का पहला और अनोखा उदाहरण है।

साका काल और सांस्कृतिक संबंधों के संकेत

खुदाई करने वाली संस्था ‘अल्माटी म्यूजियम एसोसिएशन’ ने इस खोज को कजाकिस्तान के इतिहास के लिए बेहद खास बताया है। एसोसिएशन के अनुसार, भालू की यह मूर्ति कजाकिस्तान में पहली बार मिली है। इस खोज से वैज्ञानिकों को पूरे यूरेशिया में काला सागर (ब्लैक सी) क्षेत्र से लेकर अल्ताई पर्वत श्रृंखला तक प्राचीन सांस्कृतिक समानताओं और संबंधों को समझने में मदद मिलेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह मूर्ति साका काल से संबंधित है। साका मूल रूप से ईरान से आए घुड़सवार खानाबदोश समुदाय के लोग थे, जो प्राचीन काल में यूरेशियाई स्टेपी और वर्तमान पश्चिमी चीन के तारिम बेसिन क्षेत्र में निवास करते थे।

Read more

Related News