Jaipur News: जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र स्थित जगदंबा नगर में बुधवार रात पुरानी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हनीश गोलिया समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वर्ष 2019 में शराब कारोबार को लेकर शुरू हुआ विवाद इस हत्याकांड की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
राजधानी जयपुर के करधनी थाना इलाके में बुधवार रात हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले चार मुख्य आरोपियों— हनीश गोलिया, युवराज चौधरी, दिनेश और कमलेश को गिरफ्तार किया है। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के निर्देशन में एसीपी शिवकुमार भारद्वाज और करधनी थाना अधिकारी सवाई सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में से तीन का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है।
कैंपर गाड़ी से टक्कर मारकर रोकी कार, फिर किया हमला
पुलिस जांच के मुताबिक, बुधवार रात आरोपियों ने विजय बाजिया की फॉर्च्यूनर गाड़ी का पीछा किया। जगदंबा नगर इलाके में आरोपियों ने अपनी कैंपर गाड़ी से फॉर्च्यूनर को टक्कर मारकर रोक लिया। गाड़ी रुकते ही विजय बाजिया ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से उस पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शराब कारोबार के विवाद और पुरानी हत्या से जुड़ी है रंजिश
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या अचानक भड़के किसी विवाद का नतीजा नहीं थी, बल्कि इसकी जड़ें साल 2019 में शराब के कारोबार को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद से जुड़ी हैं। कारोबार की यह तकरार जल्द ही व्यक्तिगत दुश्मनी में बदल गई थी।
इसी रंजिश के दौरान कैलाश गोलिया की हत्या हुई थी, जिसमें हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की भूमिका सामने आई थी। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, कैलाश गोलिया की हत्या के बाद से ही दोनों गुटों के बीच लगातार टकराव चल रहा था और इस दौरान विजय बाजिया पर पहले भी कई बार जानलेवा हमले हो चुके थे। पुलिस जांच में पुरानी हत्या का बदला लेने की बात इस वारदात का मुख्य कारण बनकर उभरी है। पुलिस हनीश के पिता की हत्या के पहलू को भी इस रंजिश की कड़ी मानकर सभी पक्षों के आपसी संबंधों की गहन जांच कर रही है।
साजिश और हथियार मुहैया कराने वालों की तलाश जारी
करधनी थाना पुलिस अब इस हत्याकांड के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या की साजिश कब और कहां रची गई थी, तथा आरोपियों को हथियार और कैंपर वाहन किसने उपलब्ध कराए थे। इसके अलावा, वारदात से पहले विजय बाजिया की रेकी करने वाले और हमले के बाद आरोपियों को फरार होने में मदद करने वाले संभावित सहयोगियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।