Khandwa News: मध्य प्रदेश के खंडवा की नर्मदापुरम कॉलोनी में बुधवार को 19 वर्षीय आईटीआई छात्र आदेश कनाड़े का शव उसके किराए के कमरे में मिला। जांच के दौरान सामने आया कि युवक ने अपने इंस्टाग्राम बायो में जन्मतिथि के साथ मृत्यु की तारीख 11 नवंबर लिख रखी थी। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खंडवा की नर्मदापुरम कॉलोनी स्थित एक किराए के कमरे में बुधवार को 19 वर्षीय युवक आदेश कनाड़े का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आदेश अपने मामा के कमरे में रहकर आईटीआई (ITI) की पढ़ाई कर रहा था। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण करने के बाद शव को नीचे उतरवाया।
परिजन युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
इंस्टाग्राम बायो और सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े सवाल
मामले की जांच के दौरान आदेश का इंस्टाग्राम अकाउंट चर्चा में आया है। युवक ने अपने इंस्टाग्राम बायो में अपनी जन्मतिथि (19 जून) के साथ मृत्यु की तारीख 11 नवंबर भी दर्ज कर रखी थी। संयोग से 11 नवंबर को ही उसकी मृत्यु हुई। इसके अलावा, घटना से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक स्टोरी भी पोस्ट की थी, जिसमें जीवन और मौत को लेकर निराशाजनक बातें लिखी गई थीं।
आदेश सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता था। उसके अकाउंट पर ब्रेकअप और भावनात्मक तनाव से जुड़ी कई रील्स पोस्ट की गई थीं। शुरुआती स्तर पर किसी लड़की से प्रेम संबंध और उसके बाद हुए ब्रेकअप के चलते मानसिक तनाव में रहने की चर्चा सामने आ रही है, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस कर रही है परिजनों और दोस्तों से पूछताछ
मृतक के परिजनों का कहना है कि परिवार में किसी तरह का कोई विवाद नहीं था और उन्हें भी आदेश के इस कदम के पीछे की वजह की जानकारी नहीं है। कोतवाली पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि युवक ने अपने सोशल मीडिया बायो में मृत्यु की तारीख पहले से क्यों लिखी थी और क्या वह किसी गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहा था।
पुलिस टीम परिजनों, दोस्तों और परिचितों के बयान दर्ज कर रही है। जांच अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट, रील्स और मोबाइल डेटा की जांच के बाद ही युवक के इस आत्मघाती कदम के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
(नोट: आत्महत्या किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव या निराशा से गुजर रहा है, तो कृपया सहायता के लिए सुसाइड प्रिवेंशन हेल्पलाइन पर संपर्क करें: नेहा सुसाइड प्रिवेंशन सेंटर – 044-24640050; आसरा हेल्पलाइन – +91-9820466726; किरण (मेंटल हेल्थ रिहैबिलिटेशन) – 1800-599-0019; दिशा – 0471-2552056; मैत्री – 0484-2540530; स्नेहा हेल्पलाइन – 044-24640050।)