Bogor News: इंडोनेशिया के पश्चिम जावा प्रांत स्थित बोगोर जिले में एक अवैध सोने की खदान में बाढ़ का पानी भरने से बड़ा हादसा हो गया। खदान में फंसे 26 खनिकों में से 3 के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 23 अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
इंडोनेशिया के पश्चिम जावा प्रांत के बोगोर जिले में एक अवैध सोने की खदान में अचानक बाढ़ का पानी भरने से बड़ा हादसा हो गया। मंगलवार को हुए इस हादसे में कम से कम 26 खनिक खदान के भीतर फंस गए थे। बचावकर्मियों ने बुधवार को इनमें से तीन खनिकों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि 23 अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजधानी जकार्ता के दक्षिण में स्थित बोगोर जिले के पहाड़ी खनन क्षेत्र में सोमवार को भारी बारिश हुई थी। इसके कारण उफनती सिसेरेह नदी का पानी करीब 100 मीटर (330 फुट) गहरी खदान के सुरंगनुमा हिस्से में घुस गया। उस समय खनिक अंदर सोने के कण निकालने के लिए खुदाई कर रहे थे।
अवैध खनन के कारण देरी से दी गई सूचना
पश्चिम जावा पुलिस के प्रवक्ता हेंद्र रोचमावन ने बताया कि खदान में पानी भरने से ठीक पहले 11 खनिक सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे थे। शुरुआत में स्थानीय खनिकों और निवासियों ने अपने स्तर पर पंप लगाकर पानी निकालने की कोशिश की, लेकिन जलस्तर बढ़ने से स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। अवैध खनन से जुड़े होने के कारण स्थानीय लोगों ने अधिकारियों को तत्काल इस दुर्घटना की जानकारी नहीं दी।
बोगोर आपदा रोधी एजेंसी के आपात सेवा प्रमुख एम. आदम हमदानी ने भी इस पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “समस्या यह थी कि किसी ने इसकी सूचना नहीं दी और कोई इसकी जानकारी देना भी नहीं चाहता था, क्योंकि यहां खनन की गतिविधि अवैध थी।”
16 घंटे बाद शुरू हो सका बचाव अभियान
पुलिस प्रवक्ता रोचमावन के मुताबिक, अधिकारियों को खदान में श्रमिकों के फंसे होने की पहली सूचना हादसा होने के करीब 16 घंटे बाद मिली। स्थानीय प्रशासन, दमकलकर्मियों और अन्य एजेंसियों के शुरुआती आकलन के बाद सरकारी खनन कंपनी पीटी अंतम ने बुधवार आधी रात के ठीक बाद जकार्ता खोज और बचाव एजेंसी को औपचारिक रिपोर्ट भेजी। इसके बाद बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
जकार्ता खोज और बचाव एजेंसी की प्रमुख देसियाना कार्तिका बहारी ने एक बयान में कहा, “खदान के भीतर पानी का स्तर अभी कम नहीं हुआ है और इसे बाहर निकालने में काफी समय लगने की आशंका है।” उन्होंने बताया कि खदान की अधिक गहराई, भीतर जाने का संकरा रास्ता और रोशनी की सीमित व्यवस्था बड़ी चुनौतियां हैं। बचाव दल की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर अभियान की रणनीति तैयार की जा रही है।
30 से 40 मीटर की गहराई में मिले शव
राहत टीम को बुधवार दोपहर बाद पहले मृतक का शव मिला, जिसके करीब एक घंटे बाद दो अन्य शव भी बरामद किए गए। तीनों शव खदान के भीतर 30 से 40 मीटर की गहराई में मिले हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
इंडोनेशिया में अनौपचारिक और अवैध रूप से खनन का काम काफी प्रचलित है, जिससे हजारों लोगों की आजीविका चलती है। हालांकि, सुरक्षा उपकरणों के अभाव में यह काम बेहद जोखिम भरा होता है। खनिकों को अक्सर भूस्खलन, बाढ़ और सुरंग धंसने जैसे खतरों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा सोने के अयस्क को साफ करने में पारे और साइनाइड जैसे अत्यंत जहरीले रसायनों का उपयोग भी श्रमिकों के स्वास्थ्य और जीवन के लिए गंभीर खतरा बना रहता है।