Patna News: बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में बुधवार को कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने पटना की जलापूर्ति व्यवस्था के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके साथ ही राज्य में पेपरलेस ई-कैबिनेट व्यवस्था की शुरुआत हुई है और ग्राम कचहरियों का सालाना प्रशासनिक खर्च छह गुना बढ़ाकर 24,000 रुपये कर दिया गया है।
बिहार के मुख्य सचिवालय में बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के साथ ही बिहार में पेपरलेस ई-कैबिनेट व्यवस्था की शुरुआत हो गई है। अब मंत्रिमंडल की पूरी कार्यप्रणाली डिजिटल माध्यम से संचालित होगी और बैठकों में कागजों का उपयोग नहीं किया जाएगा।
कैबिनेट ने राजधानी पटना की जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए केंद्र प्रायोजित ‘अमृत 2.0 मिशन’ के तहत 1,794.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर के निवासियों को स्वच्छ और सुचारु पेयजल उपलब्ध कराना है।
ग्राम कचहरियों का प्रशासनिक खर्च छह गुना बढ़ा
राज्य की स्थानीय न्याय व्यवस्था और ग्राम कचहरियों के दैनिक कामकाज को मजबूत करने के लिए कैबिनेट ने इनके प्रशासनिक खर्च की राशि में छह गुना वृद्धि की है। अब प्रत्येक ग्राम कचहरी को सालाना 4,000 रुपये के स्थान पर 24,000 रुपये मिलेंगे। यह नई व्यवस्था 1 अप्रैल 2027 से प्रभावी होगी।
तीन जिलों में 1,294.37 एकड़ भूमि अधिग्रहण को मंजूरी
प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए मंत्रिमंडल ने शेखपुरा, समस्तीपुर और नालंदा जिलों में कुल 1,294.37 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी दी है। इसके लिए कुल 706.52 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति जारी की गई है:
- नालंदा: इस्लामपुर अंचल के ब्रहगाँवा मौजा में 564.37 एकड़ भूमि अधिग्रहण के लिए 382.23 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
- समस्तीपुर: खानपुर अंचल के तीन मौजों में 480 एकड़ जमीन के अधिग्रहण हेतु 261.92 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
- शेखपुरा: चेवाड़ा अंचल के तीन मौजों में 250 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने के लिए 62.37 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन निर्णयों से तीनों जिलों में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने और आधारभूत संरचना तैयार करने में मदद मिलेगी।
किशनगंज में एसएसबी के वॉच टावर के लिए जमीन हस्तांतरण
सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंचल में राज्य सरकार की 11.884 डिसमिल भूमि केंद्रीय गृह मंत्रालय को स्थायी रूप से हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है। 4 लाख 38 हजार 63 रुपये के भुगतान पर हस्तांतरित होने वाली इस जमीन पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 19वीं और 41वीं वाहिनी के वॉच टावर का निर्माण किया जाएगा।
1 से 25 दिसंबर तक चलेगा ‘सेवा दूत अभियान’
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक पूरे राज्य में ‘सेवा दूत अभियान’ चलाने की जानकारी दी। इस अभियान के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी और पात्र लाभार्थियों को इनका लाभ दिलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2037 तक बिहार को एक समृद्ध राज्य बनाने का लक्ष्य दोहराते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण आवास, मुफ्त बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, उद्योग और ऊर्जा उत्पादन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है।