London News: पैंक्रिएटिक कैंसर के इलाज में वैज्ञानिकों को बड़ी सफलता मिली है। क्लिनिकल ट्रायल के दौरान कीमोथेरेपी के साथ नई दवा डैरैक्सोनरैसिब देने पर 90 प्रतिशत मरीजों में ट्यूमर का बढ़ना रुक गया। वहीं, 60 प्रतिशत से अधिक मरीजों में ट्यूमर सिकुड़ गया या पूरी तरह गायब हो गया।
पैंक्रिएटिक (अग्नाशय) कैंसर को दुनिया के सबसे घातक कैंसर में गिना जाता है, जिसके प्रभावी इलाज पर वैज्ञानिक दशकों से काम कर रहे हैं। अब शोधकर्ताओं ने नई दवा ‘डैरैक्सोनरैसिब’ (Daraxonrasib) के क्लिनिकल ट्रायल में उत्साहजनक परिणाम हासिल किए हैं। इस दवा के उपयोग से न केवल मरीजों के ट्यूमर सिकुड़े हैं, बल्कि कुछ मामलों में पूरी तरह नष्ट भी हुए हैं।
बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह ट्रायल एडवांस्ड पैंक्रिएटिक कैंसर से पीड़ित मरीजों पर किया गया, जिनमें बीमारी शरीर के अन्य अंगों तक फैल चुकी थी। ऐसे 61 मरीजों को कीमोथेरेपी के साथ डैरैक्सोनरैसिब दी गई। ट्रायल के परिणामों में सामने आया कि 90 प्रतिशत मरीजों में ट्यूमर की वृद्धि रुक गई। इसके अलावा, 60 प्रतिशत से थोड़े अधिक मरीजों में ट्यूमर या तो सिकुड़ गया या गायब हो गया।
सीटी स्कैन में हर 12 में से एक मरीज में ट्यूमर नहीं दिखा
ट्रायल के आंकड़ों के मुताबिक, लगभग 8 प्रतिशत मरीजों (यानी हर 12 में से एक मरीज) में इस दवा के बाद जब दोबारा सीटी स्कैन किया गया, तो ट्यूमर का कोई निशान नहीं मिला। शोधकर्ताओं ने इन मरीजों पर औसतन डेढ़ साल तक निगरानी रखी, जिस दौरान कई मरीजों में कैंसर दोबारा नहीं लौटा।
अमेरिका के मेमोरियल स्लोन केटरिंग कैंसर सेंटर के डॉ. वुंगकी पार्क ने इन नतीजों को बेहद सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा, “हम न केवल ट्यूमर पर दवा की प्रतिक्रिया दर में बढ़ोतरी देख रहे हैं, बल्कि इससे मरीजों के अधिक समय तक जीवित रहने की संभावना भी बढ़ी है। एडवांस्ड स्टेज वाले मरीजों की जीवन अवधि भी सामान्य कैंसर मरीजों की तुलना में बढ़ सकती है।”
दशकों में सबसे बड़ी उपलब्धि: कैंसर रिसर्च यूके
ब्रिटेन की संस्था ‘कैंसर रिसर्च यूके’ ने इस शोध को पैंक्रिएटिक कैंसर के मरीजों के लिए दशकों में सबसे बड़ी छलांग करार दिया है। संस्था के डॉ. सैम गॉडफ्रे ने कहा कि पैंक्रिएटिक कैंसर का इलाज बेहद कठिन होता है और एडवांस स्टेज में पहुंचने पर मरीजों के पास बहुत कम समय बचता है। सामान्य कीमोथेरेपी के बाद यह कैंसर अक्सर दोबारा उभर आता है। ऐसे में डैरैक्सोनरैसिब मरीजों को अतिरिक्त जीवन देने में मददगार साबित हो सकती है।
फेफड़ों और ओवेरियन कैंसर में भी कारगर होने की उम्मीद
डैरैक्सोनरैसिब एक टारगेटेड इनहिबिटर उपचार है, जिसे अमेरिका में पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। यह दवा पैंक्रिएटिक कैंसर में ट्यूमर बढ़ाने के लिए जिम्मेदार विशेष म्यूटेशन (आनुवंशिक बदलाव) को निशाना बनाकर उसे निष्क्रिय कर देती है।
डॉ. गॉडफ्रे के अनुसार, इसी तरह का म्यूटेशन फेफड़ों (लंग्स) और ओवेरियन कैंसर में भी पाया जाता है। इसलिए वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि पैंक्रिएटिक कैंसर में मिली इस शुरुआती सफलता का विस्तार भविष्य में अन्य प्रकार के कैंसर के इलाज तक भी किया जा सकेगा।