National News: IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के एक फैसले पर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने हैरानी जताई है। उन्होंने इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल को रिलीज करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘जेनरेशनल टैलेंट’ बताया है।
IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के एक फैसले पर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने हैरानी जताई है। उन्होंने इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल को रिलीज करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘जेनरेशनल टैलेंट’ बताया है। पठान का मानना है कि बेथेल ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अकेले दम पर किसी भी टीम को मैच जिता सकते हैं।
जैकब बेथेल को रिलीज करने पर हैरान हुए पठान
जियोस्टार के IPL 2027 रिटेंशन शो में इरफान पठान ने RCB के रिलीज किए गए खिलाड़ियों पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि जैकब बेथेल को रिलीज करने के अलावा फ्रेंचाइजी के किसी अन्य फैसले ने उन्हें ज्यादा हैरान नहीं किया। पठान के मुताबिक, अगर फिल साल्ट अच्छा प्रदर्शन नहीं करते तो बेथेल टीम के लिए शानदार बैकअप साबित हो सकते थे।
पठान ने बेथेल की प्रतिभा की तारीफ करते हुए कहा, “जैकब बेथेल को रिलीज करने का फैसला मुझे हैरान करता है। भगवान न करे, अगर फिल साल्ट अच्छा प्रदर्शन नहीं करते तो बेथेल एक बेहतरीन विकल्प हो सकते थे। वह जेनरेशनल टैलेंट हैं और ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अकेले दम पर आपको मैच जिता सकते हैं। वह शानदार खिलाड़ी हैं और उनकी कीमत भी ज्यादा नहीं थी। इसलिए RCB को उन्हें रिलीज नहीं करना चाहिए था।”
स्वप्निल सिंह और अन्य खिलाड़ियों पर भी रखी राय
इरफान पठान ने स्वप्निल सिंह को अनुभवी खिलाड़ी बताते हुए कहा कि कम कीमत होने के बावजूद उन्हें बैकअप के तौर पर टीम में रखा जा सकता था। हालांकि, उनका मानना है कि RCB ने उनकी जगह विक्की ओस्तवाल को मौका देने की योजना बनाई होगी, जो बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी करने के साथ बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। पठान ने मंगेश यादव और रिचर्ड ग्लीसन को रिलीज करने के फैसले का भी समर्थन किया।
जोश हेजलवुड के लिए बैकअप गेंदबाज की जरूरत
पठान ने RCB की टीम को मजबूत और संतुलित इकाई बताया, लेकिन ऑक्शन में एक अहम कमी पूरी करने की सलाह दी। उनके मुताबिक, टीम को ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के लिए एक भरोसेमंद बैकअप की जरूरत है, जो नई और पुरानी दोनों गेंदों से दबाव में अच्छा प्रदर्शन कर सके।
उन्होंने कहा, “RCB के पास सीमित बजट है और उसे खास तौर पर जोश हेजलवुड के लिए एक बैकअप गेंदबाज की जरूरत है। ऐसा गेंदबाज जो नई और पुरानी दोनों गेंदों से दबाव में अच्छा प्रदर्शन कर सके। इस तरह के बैकअप को टीम में शामिल करना बेहद जरूरी होगा। इसके अलावा बाकी टीम काफी शानदार और संतुलित नजर आती है।”
घुटने की चोट के कारण IPL 2027 से हटे बेथेल
दिलचस्प बात यह है कि RCB द्वारा रिलीज किए जाने के अलावा जैकब बेथेल ने खुद भी IPL 2027 में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है। इंग्लैंड के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने घुटने की समस्या का हवाला देते हुए आगामी सीजन से हटने की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर RCB के साथ अपने दो साल के सफर को याद किया।