रूस ने यूक्रेन के पावर प्लांट पर किया हमला, लीबिया में ड्रोन हमले में दो नौसैनिक अधिकारियों की मौत

Share

- Advertisement -

World News: रूस ने बुधवार को यूक्रेन की डोनबास फ्यूल एंड एनर्जी कंपनी के एक थर्मल पावर प्लांट पर हमला किया, जिससे बिजली उत्पादन बंद हो गया। नवंबर में कंपनी के संयंत्रों पर यह तीसरा बड़ा हमला है। लीबिया के बेंगाजी नौसैनिक अड्डे पर खड़े रूसी युद्धपोत पर यूक्रेनी ड्रोन हमले में घायल दो लीबियाई नौसैनिक अधिकारियों की मौत हो गई।

यूक्रेनी नेशनल न्यूज ने डीटीईके के हवाले से बताया कि हमले में प्लांट के उपकरण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण बिजली उत्पादन पूरी तरह बंद करना पड़ा। रूस के लगातार हमलों से यूक्रेन की ऊर्जा व्यवस्था पर दबाव बढ़ता जा रहा है।

पांच जिलों में आपातकालीन बिजली कटौती

रूस ने मंगलवार और मंगलवार रात निप्रोपेत्रोवस्क क्षेत्र की ऊर्जा सुविधाओं को भी निशाना बनाया। इन हमलों से कई घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युत पारेषण प्रणाली संचालक उक्रेनेर्गो के निर्देश पर पांच जिलों में आपातकालीन बिजली कटौती लागू की गई है। निप्रो, निप्रोव्स्की, पावलोहरादस्की, सिनेल्निकीव्स्की और समारीव्स्की जिलों में बिजली कटौती की गई है। ऊर्जा विभाग के कर्मचारी बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं, लेकिन रूस के लगातार हवाई हमलों की चेतावनी के कारण मरम्मत का काम प्रभावित हो रहा है।

जापोरिजिया परमाणु संयंत्र में साल का 17वां ब्लैकआउट

रूस ने रातभर और बुधवार सुबह भी यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले जारी रखे। गोलाबारी के कारण अस्थायी रूप से कब्जे वाले जापोरिजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। यह इस साल संयंत्र में हुआ 17वां ब्लैकआउट है। वहीं, अब तक यहां कुल 28 बार बिजली आपूर्ति बाधित हो चुकी है।

लीबिया में रूसी युद्धपोत पर यूक्रेन का हमला

रूस-यूक्रेन युद्ध का असर अब यूरोप से हजारों किलोमीटर दूर लीबिया तक पहुंच गया है। रविवार को पूर्वी लीबिया के बेंगाजी नौसैनिक अड्डे पर खड़े रूसी युद्धपोत पर यूक्रेनी ड्रोन से हमला किया गया। इसमें घायल दो लीबियाई नौसैनिक अधिकारियों की मंगलवार शाम मौत हो गई। स्वघोषित लीबियन नेशनल आर्मी (एलएनए) ने मंगलवार देर रात जारी बयान में इसकी पुष्टि की।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया था कि इस अभियान में सात ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। लीबियाई अधिकारियों के अनुसार, रूसी युद्धपोत ईंधन भरवाने और जरूरी सामान लेने के लिए नौसैनिक अड्डे पर आया था। शुरुआती जांच के मुताबिक, पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी सेना के नियंत्रण वाले एक अड्डे से कई समुद्री ड्रोन छोड़े गए थे। इनमें से कम से कम चार को रोककर नष्ट कर दिया गया, जबकि दो ड्रोन रूसी युद्धपोत से टकराए। हमले में लीबियाई और रूसी नागरिकों समेत कम से कम 10 लोग घायल हुए थे।

रूस-यूक्रेन के लिए लीबिया क्यों अहम?

लीबियन नेशनल आर्मी के जनरल कमांड ने हमले का बदला लेने की चेतावनी दी है। बयान में कहा गया कि जवाब उचित समय, स्थान और तरीके से दिया जाएगा। इस सेना की कमान जनरल खलीफा हफ्तार के हाथों में है। उसका लीबिया के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों पर नियंत्रण है और रूस के साथ करीबी संबंध हैं।

लीबिया में एक दशक से अधिक समय से राजनीतिक अस्थिरता बनी हुई है। देश में दो अलग-अलग प्रशासन हैं, जिन्हें प्रतिद्वंद्वी विदेशी शक्तियों का समर्थन हासिल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त त्रिपोली सरकार के यूक्रेन और उसके पश्चिमी सहयोगियों के साथ संबंध हैं। वहीं, पूर्वी लीबिया में प्रधानमंत्री ओसामा हम्माद की सरकार है, जिसे खलीफा हफ्तार का समर्थन प्राप्त है। तेल के बड़े भंडार और भूमध्यसागर में रणनीतिक स्थिति के कारण लीबिया दोनों पक्षों के लिए महत्वपूर्ण है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News