Ottawa News: कनाडा की ओंटारियो पुलिस और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने संगठित ड्रग तस्करी के खिलाफ ऐतिहासिक कार्रवाई की है। ‘प्रोजेक्ट बे’ नाम से चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने लगभग 1,100 करोड़ रुपये (140 मिलियन डॉलर) मूल्य के 1.7 टन नशीले पदार्थ, आधुनिक घातक हथियार और नकदी जब्त की है।
पुलिस ने सीमा पार चल रहे एक विशाल तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। इस मामले में 21 से ज्यादा संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
आरोपियों में 13 दक्षिण एशियाई और भारतीय नाम शामिल हैं
मामले में नामजद 21 संदिग्धों में से 13 आरोपी दक्षिण एशियाई मूल के हैं। गिरफ्तार लोगों में नवप्रीत सिंह, हनिंदरपाल ग्रेवाल, गगनदीप थिंडल, सिमरनजीत सिंह, कंवरपाल कुलार, जतिंदरपाल सिंह, जसविंदर सोही, तेजविंदर संधू और हरविंदर संधू शामिल हैं। यह बड़ी अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई कनाडा की सीमा सुरक्षा एजेंसी और पुलिस द्वारा मिलकर की गई थी।
इस संयुक्त अभियान में 973 किलोग्राम कोकीन, 660 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और 49 किलोग्राम अफीम बरामद हुई है। इसके साथ ही एक एंटी-टैंक राइफल सहित 17 हथियार, गोला-बारूद, महंगी ज्वेलरी, 43 सेलफोन और छह लैपटॉप भी पुलिस ने जब्त किए हैं। यह भारी जब्ती तस्करों के आर्थिक तंत्र को नष्ट करती है।
कमर्शियल ट्रांसपोर्टेशन नेटवर्क का होता था अवैध इस्तेमाल
जांच में अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों एचएसआई और डीईए ने भी महत्वपूर्ण मदद की है। रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि ड्रग सिंडिकेट कमर्शियल ट्रांसपोर्टेशन इंडस्ट्री में ब्रोकर-स्टाइल मॉडल का इस्तेमाल करता था। गिरोह जानबूझकर वैध सप्लाई चेन में नशीले पदार्थ छिपाकर कमर्शियल ट्रकों के माध्यम से सीमा पार तस्करी को अंजाम देता था।