Ottawa News: कनाडा की कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने सीमा पार सक्रिय एक बड़े ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 139 मिलियन कनाडाई डॉलर से अधिक कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। ओंटारियो प्रांत में वजन के हिसाब से यह अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी मानी जा रही है।
पुलिस, कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी और ओंटारियो प्रांतीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए ‘प्रोजेक्ट बे’ के तहत यह कार्रवाई की गई। जांच टीमों ने छापेमारी कर लगभग 973 किलोग्राम संदिग्ध कोकीन, 660 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और 49 किलोग्राम अफीम बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
एंटी-टैंक राइफल, हथियार और भारी नकदी भी बरामद
मादक पदार्थों के अलावा अधिकारियों ने 230 ऑक्सीकोडोन गोलियां और 17 हथियार जब्त किए हैं, जिनमें एक घातक एंटी-टैंक राइफल भी शामिल है। इसके अतिरिक्त भारी मात्रा में गोला-बारूद, महंगी ज्वेलरी, नकदी, डिजिटल उपकरण और अपराध में इस्तेमाल की गई एक गाड़ी भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।
जांच एजेंसियों के अनुसार यह आपराधिक गिरोह कमर्शियल ट्रांसपोर्ट सिस्टम के जरिए सीमा पार तस्करी करता था। आरोपी ट्रांसपोर्ट सेक्टर के संपर्कों के माध्यम से ड्राइवरों को लालच देकर जोड़ते थे और वैध व्यावसायिक माल के बीच मादक पदार्थ छिपाकर कनाडा की सीमा में सप्लाई करते थे।
21 लोगों के खिलाफ 100 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज
इस बड़े तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अब तक 21 लोगों पर 100 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार संदिग्धों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई कानून और अदालती प्रक्रिया के अधीन है।
इस बड़ी सफलता से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले ड्रग्स तस्करी नेटवर्क को भारी नुकसान पहुंचा है। कनाडाई सुरक्षा एजेंसियां अब इस गिरोह के मुख्य स्रोत, विदेशी संपर्कों और पूरे आर्थिक तंत्र की गहराई से जांच कर रही हैं ताकि बचे हुए आरोपियों को भी पकड़ा जा सके।