बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा: विदेश राज्य मंत्री के आवास पर पेट्रोल बम से हमला, पीएम तारिक रहमान ने सीमा पार पर लगाए आरोप

Share

- Advertisement -

World News: बांग्लादेश में एक बार फिर राजनीतिक हिंसा भड़क उठी है। शुक्रवार तड़के तारिक रहमान सरकार में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के सिलहट स्थित आवास पर पेट्रोल बम फेंका गया। इस घटना के बाद मंत्री हुमायूं कबीर ने अवामी लीग पर हिंसा फैलाने का आरोप लगाया, जबकि प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बिना नाम लिए सीमा पार से साजिश रचे जाने की बात कही है। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस बयान पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए सकारात्मक संबंधों की बात दोहराई है।

बांग्लादेश में शुक्रवार तड़के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के सिलहट स्थित घर को निशाना बनाते हुए पेट्रोल बम से हमला किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। सिलहट मेट्रोपॉलिटन पुलिस के उपायुक्त मो. अफजल हुसैन ने बताया कि घटना की जांच जारी है और हमलावरों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

विदेश राज्य मंत्री ने अवामी लीग पर लगाए आरोप

हमले के कुछ घंटों बाद विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने इस घटना के लिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने इसे आतंकवादी गतिविधि बताते हुए कहा, “अब अवामी लीग आतंकवादी संगठन बनकर रह गया है। कहीं पेट्रोल बम फेंक दिया तो कहीं आग लगाकर भाग गए।” उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश में अवामी लीग पर आतंकवाद विरोधी कानूनों के तहत प्रतिबंध लगाया गया है।

प्रधानमंत्री तारिक रहमान का बयान और भारत की प्रतिक्रिया

इससे पहले गुरुवार को उत्तरी बांग्लादेश के लालमोनिरहाट में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बिना नाम लिए भारत की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया कि अवामी लीग के विरोध प्रदर्शनों को सीमा पार बैठे लोग संचालित कर रहे हैं। रहमान ने कहा कि अवामी लीग के नेताओं ने बांग्लादेश और यहां के लोगों के हितों पर ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमा के उस पार का देश, जहां वे भाग गए हैं, वहां के लोगों को खुश करने के लिए उन्होंने फिर से बांग्लादेश और उसके नागरिकों के खिलाफ साजिश शुरू कर दी है।

तारिक रहमान के इन आरोपों पर भारत ने सीधी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है। शुक्रवार को साप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान जब भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से इस संबंध में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के अंदरूनी घटनाक्रम पर उन्हें कोई टिप्पणी नहीं करनी है। इसके साथ ही भारत ने अपना रुख दोहराते हुए स्पष्ट किया कि वह अपने पड़ोसी देश के साथ अच्छे और सकारात्मक संबंध बनाए रखना चाहता है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News