World News: दक्षिण नाइजीरिया में एक दर्दनाक नाव हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई है। हादसे के शिकार हुए सभी लोग एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। राहत और बचाव दल ने पानी से अब तक 24 शव बरामद कर लिए हैं, जबकि लापता लोगों की तलाश के लिए खोज अभियान अभी भी जारी है।
समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, नाइजीरिया की नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (एनईएमए) के प्रवक्ता मंजो एजेकिएल ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से 24 शव निकाले जा चुके हैं और रेस्क्यू टीमें लगातार पानी में तलाशी अभियान चला रही हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति लापता न रह जाए।
राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने जताया गहरा शोक
इस भीषण दुर्घटना पर नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि जिन लोगों ने इस हादसे में अपनी जान गंवाई है, वे ऐसी दुखद परिस्थितियों में अपनी जान गंवाने के हकदार नहीं थे। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्यों की निगरानी की जा रही है।