New Delhi News: रिलायंस जियो ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026 में अपने नए स्मार्ट ग्लासेस ‘जियो एआई ग्लासेस’ को पेश कर दिया है। यह डिवाइस आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से लैस है, जिसका मकसद उपभोक्ताओं की दैनिक गतिविधियों को अधिक सुगम और स्मार्ट बनाना है।
स्कैन एंड पे फीचर से बिना फोन छुए होगा यूपीआई पेमेंट
इन चश्मों की सबसे बड़ी खासियत यूपीआई पेमेंट्स का सीधा सपोर्ट है। यूजर्स सिर्फ किसी भी क्यूआर कोड की तरफ देखकर और अपनी आवाज देकर सुरक्षित भुगतान कर सकेंगे। यूपीआई सर्कल नियमों के तहत इसमें प्रति ट्रांजैक्शन 5,000 रुपये और हर महीने अधिकतम 15,000 रुपये की सीमा तय की गई है।
डिवाइस में इन-बिल्ट एआई वॉयस असिस्टेंट मौजूद है, जो कई प्रमुख भारतीय भाषाओं का समर्थन करता है। इसके अलावा चलते-फिरते लाइव क्रिकेट कमेंट्री सुनने और मीटिंग्स के दौरान महत्वपूर्ण बिंदुओं को रिकॉर्ड करने के लिए ऑटोमैटिक एआई नोट-टेकिंग की सुविधा भी इसमें जोड़ी गई है।
रियल टाइम लाइव ट्रांसलेशन से भाषा की दीवार होगी खत्म
जियो एआई ग्लासेस में दूसरा सबसे बड़ा आकर्षण रियल टाइम ट्रांसलेशन का है। अलग-अलग भाषा बोलने वाले दो लोग इस डिवाइस की मदद से आसानी से बातचीत कर सकते हैं। आप अपनी भाषा में बात करेंगे और सामने वाले की भाषा का तुरंत अनुवाद यह स्मार्ट वियरेबल डिवाइस कर देगा।
द्वारका के यशोभूमि में शोकेस हुई पूरी वियरेबल रेंज
नई दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में चल रही प्रदर्शनी में इसे प्रदर्शित किया गया है। रिलायंस जियो ने इस इवेंट में पर्सनल एआई वियरेबल रेंज के तहत कैमरा ग्लास, ऑडियो ग्लास और नए ईयरफोन्स भी शोकेस किए हैं, जो तकनीक प्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
