Shimla News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए राज्य सरकार ने अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संजौली हैलीपोर्ट से रामपुर-रिकांगपिओ और शिमला के बीच नियमित हैलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत कर दी है।
जनजातीय क्षेत्रों में पर्यटन और आपातकालीन सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
इस नई हवाई सेवा के शुरू होने से किन्नौर और रामपुर के लोगों को शिमला आने-जाने के लिए तेज विकल्प मिला है। स्थानीय निवासियों को अब थका देने वाले लंबे सड़क सफर से बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में हाई-एंड टूरिज्म और इमरजेंसी मेडिकल ट्रांसपोर्ट को रफ्तार मिलेगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने रामपुर दौरे के दौरान स्थानीय जनता से इस सुविधा को जल्द शुरू करने का वादा किया था। अब केंद्र सरकार की उड़ान 5.1 योजना और राज्य की रीजनल कनेक्टिविटी नीति के तहत इस हवाई रूट को पूरी तरह चालू कर दिया गया है।
सप्ताह में तीन दिन उड़ान, राज्य सरकार देगी वित्तीय मदद
परिवहन विभाग के अनुसार यह सेवा हफ्ते में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को संचालित होगी। इस रूट पर हैरिटेज एविएशन और पवन हंस उड़ानें भरेंगे। इसके जरिए शिमला-रिकांगपिओ, शिमला-कुल्लू और चंडीगढ़-मंडी मार्गों पर कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
इस हवाई नेटवर्क को बनाए रखने के लिए राज्य सरकार हर महीने लगभग 35.70 लाख रुपए की वायबिलिटी गैप फंडिंग वहन कर रही है। सरकार के इस वित्तीय सहयोग से अब शिमला और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह में छह दिन नियमित हवाई सफर उपलब्ध हो गया है।
