Tokyo News: 90 के दशक में पली-बढ़ी पीढ़ी का बचपन ‘सुपर मारियो’ गेम के बिना अधूरा माना जाता है। लाल टोपी, नीली डंगरी और काली मूंछों वाला यह चर्चित किरदार आज भी गेमिंग इंडस्ट्री का सबसे लोकप्रिय चेहरा है। दशकों बीत जाने के बाद भी इस गेम का जादू बच्चों से लेकर बड़ों तक बरकरार है।
शुरुआत में जंपमैन था नाम और पेशे से था बढ़ई
मारियो के सफर की शुरुआत काफी अनोखी रही है। इस किरदार का शुरुआती नाम जंपमैन था और वह प्लंबर नहीं बल्कि बढ़ई हुआ करता था। 80 के दशक में जब जापानी कंपनी निंटेंडो ने अमेरिका के वाशिंगटन में कारोबार शुरू किया, तब उन्होंने मारियो सेगाले नाम के एक रियल एस्टेट कारोबारी का वेयरहाउस किराए पर लिया था।
कारोबारी मारियो सेगाले के व्यक्तित्व से प्रभावित होकर ही निंटेंडो ने इस कैरेक्टर को ‘मारियो’ नाम दिया था। साल 1981 में प्रसिद्ध जापानी गेम डिजाइनर शिगेरू मियामोतो ने ‘डंकी कांग’ आर्केड गेम बनाई थी। इस गेम की जबरदस्त कामयाबी के बाद कंपनी ने 1983 में मारियो को प्लंबर बनाकर स्वतंत्र गेम लॉन्च किया था।
फ्रेंचाइजी के नाम दर्ज हैं पांच गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
सुपर मारियो दुनिया की सबसे सफल और लोकप्रिय गेम फ्रेंचाइजी में शामिल है। आधिकारिक तौर पर इस गेम के नाम 5 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स दर्ज हैं। यह दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली वीडियो गेम्स में गिनी जाती है। इसकी दीवानगी का आलम यह रहा कि स्पेन में एक सड़क का नाम भी इसके नाम पर रखा गया।
