Chennai News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार 11 अक्टूबर को चेन्नई के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे तमिलनाडु को 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का बड़ा उपहार देंगे। प्रधानमंत्री यहां कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिससे राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलेगी।
चेन्नई मेट्रो के नए रूट का उद्घाटन और करेंगे सफर
प्रधानमंत्री 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चेन्नई मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के फेज 2 का उद्घाटन करेंगे। वे पूनामल्ली-वडापलानी रूट का लोकार्पण करने के साथ पोरूर बाईपास से पूनामल्ली बाईपास तक मेट्रो में सफर भी करेंगे। इसके अलावा पीएम जलकंठेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और एक स्कूल के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे।
पीएम मोदी आईआईटी मद्रास के ब्रेन सेंटर का दौरा भी करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। उनके कार्यक्रम में 3,700 करोड़ रुपये के नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स और 750 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे बुनियादी ढांचे का शुभारंभ शामिल है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में इंडस्ट्रियल और कमर्शियल कनेक्टिविटी काफी मजबूत होगी।
नेशनल हाईवे और रेलवे प्रोजेक्ट्स को मिलेगी नई गति
सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत पीएम राष्ट्रीय राजमार्ग 744 के 36 किलोमीटर लंबे वडुगापट्टी-तेरकुवेंगनल्लूर फोर-लेन रूट का उद्घाटन करेंगे। साथ ही वे एनएच-744ए के मदुरै रिंग रोड के 30 किलोमीटर लंबे हिस्से को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा एनएच-83 पर तिरुवारूर बाईपास को फोर-लेन बनाने की आधारशिला भी रखी जाएगी।
