Tech News: अमेरिका के ओहायो में एप्पल वॉच ने एक व्यक्ति की जान बचाकर नई मिसाल पेश की है। घर के बाहर गिरकर अचेत हुए व्यक्ति के लिए घड़ी के ‘फॉल डिटेक्शन’ फीचर ने तुरंत इमरजेंसी सर्विस को कॉल कर दिया।
ओहायो निवासी मोहम्मद इस्लाम बीमार होने के कारण घर पर अकेले थे। कचरा फेंकने बाहर निकले तो सांस लेने में तकलीफ और दर्द के कारण अचानक गिर पड़े। होश आने पर जब वह उठ नहीं सके, तभी उन्हें एम्बुलेंस का सायरन सुनाई दिया।
डॉक्टरों को फेफड़ों में मिले ब्लड क्लॉट
अस्पताल पहुंचने पर सिनसिनाटी यूनिवर्सिटी के डॉक्टरों ने जांच में पाया कि इस्लाम के फेफड़ों में खून के थक्के (ब्लड क्लॉट) जम गए थे। मोहम्मद इस्लाम ने अपनी जान बचाने का पूरा श्रेय घड़ी के ऑटोमैटिक इमरजेंसी अलर्ट फीचर को दिया है।
एप्पल वॉच का यह खास ‘फॉल डिटेक्शन’ फीचर जोर से गिरने की पहचान करता है। अगर गिरने के बाद यूजर एक मिनट तक कोई हलचल नहीं करता, तो घड़ी काउंटडाउन शुरू करके अपने-आप लोकेशन के साथ इमरजेंसी सर्विस को अलर्ट भेज देती है।
यह सुरक्षा फीचर एप्पल वॉच सीरीज 4 और उसके बाद के मॉडल्स में उपलब्ध है। 55 साल से अधिक उम्र के यूजर्स के लिए यह अपने-आप चालू रहता है, जबकि बाकी लोग इसे आईफोन की सेटिंग्स में जाकर मैन्युअल तरीके से ऑन कर सकते हैं।