पूर्व विधायक की बेटी से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने की आरोपित अभिनेत्री उर्मिला सनावर को मिली जमानत

Share

- Advertisement -

Haridwar News: पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने की आरोपित अभिनेत्री उर्मिला सनावर को अदालत से जमानत मिल गई है। अदालत ने 50 हजार रुपये के मुचलके और दो सक्षम जमानतियों पर रिहाई के आदेश दिए। हालांकि, आवश्यक औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण उनकी जेल से रिहाई मंगलवार को होगी।

उत्तराखंड के हरिद्वार में पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर द्वारा दर्ज कराए गए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी और धमकी के मामले में आरोपित अभिनेत्री उर्मिला सनावर को अदालत से राहत मिली है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने सोमवार को जमानत प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए उर्मिला सनावर की जमानत मंजूर कर ली। हालांकि, तय समय पर जमानती पेश न हो पाने के कारण सोमवार को उनकी रिहाई नहीं हो सकी।

अदालत ने 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत बंधपत्र और समान राशि के दो सक्षम जमानती प्रस्तुत करने की शर्त पर रिहाई का आदेश दिया है। उर्मिला सनावर की अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान ने बताया कि मंगलवार को अदालत में दो जमानती पेश किए जाएंगे, जिसके बाद रोशनाबाद जिला कारागार से रिहाई की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

व्हाट्सएप कॉल पर रंगदारी और धमकी देने का है आरोप

पूर्व विधायक की बेटी दीपिका राठौर ने 25 अक्तूबर को रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उर्मिला ने उनके पिता सुरेश राठौर और परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक व मानहानिकारक टिप्पणियां की हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाया गया और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।

तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उर्मिला सनावर को उनके सहारनपुर स्थित आवास से गिरफ्तार किया था। अदालत में पेश किए जाने के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार रोशनाबाद भेज दिया गया था। अब अदालत से जमानत मिलने के बाद मंगलवार को उनकी रिहाई की संभावना है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News