Lucknow News: उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए प्री-मैट्रिक यानी कक्षा 9 से 12वीं तक के छात्रों हेतु स्कॉलरशिप रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आज, 11 अगस्त से शुरू कर दी है. योग्य अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना नया आवेदन या रिन्यूवल पूरा कर सकते हैं.
छात्र आधिकारिक पोर्टल scholarship.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र का प्रिंटआउट निकालकर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित स्कूल में जमा करना होगा. स्कूल में हार्ड कॉपी जमा करने की अंतिम तिथि 25 अगस्त 2026 तय की गई है.
स्कॉलरशिप का लाभ लेने के लिए आवेदक का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है. साथ ही छात्र को राज्य के ही किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में अध्ययनरत होना चाहिए. योजना के तहत सामान्य, एससी और एसटी वर्ग के परिवारों की अधिकतम वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए.
इसी तरह अन्य पिछड़ा वर्ग यानी ओबीसी वर्ग के लिए पारिवारिक आय की सीमा 2 लाख रुपये सालाना रखी गई है. अस्वच्छ पेशा में लगे परिवारों के बच्चों के लिए आय की कोई अधिकतम सीमा लागू नहीं होगी. आवेदन प्रक्रिया को पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है और इसके लिए कोई फीस नहीं ली जाएगी.
आवेदन करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्री-मैट्रिक रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करना होगा. मांगी गई सभी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारियों को दर्ज करके पहले पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें. इसके बाद बाकी विवरण भरकर और आवश्यक दस्तावेज संलग्न करके आवेदन फॉर्म को पूरी तरह सबमिट कर दें.
अंत में अभ्यर्थी भरे हुए फॉर्म का फाइनल प्रिंटआउट निकाल लें. आवेदन के लिए अभ्यर्थियों के पास पहचान पत्र, पैन कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र होना चाहिए. इसके अलावा पिछले साल की मार्कशीट, बैंक पासबुक की कॉपी, फीस रसीद, जाति प्रमाण पत्र और फोटो आवश्यक हैं.