Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में दिवाली की रात हुई भारी आतिशबाजी के बाद राजधानी लखनऊ, वाराणसी और आगरा समेत कई महानगरों में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। दिवाली के अगले दिन लखनऊ का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 251 दर्ज किया गया, जबकि आगरा में यह 450 के पार चला गया। हवा में घुले जहरीले धुएं और धूल कणों के चलते विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
दीपावली पर हुई आतिशबाजी के धुएं से उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों में हवा की गुणवत्ता तेजी से बिगड़ी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के अगले दिन सोमवार सुबह नौ बजे लखनऊ का औसत एक्यूआई 251 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। हवा में सूक्ष्म कण पीएम 2.5 की मात्रा काफी ज्यादा पाई गई, जो सीधे तौर पर धुएं की मौजूदगी को दर्शाती है।
राजधानी लखनऊ में सबसे ज्यादा खराब स्थिति लालबाग क्षेत्र की रही, जहां एक्यूआई 360 यानी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। तालकटोरा औद्योगिक क्षेत्र में 319 और अलीगंज स्थित केंद्रीय विद्यालय स्टेशन पर 292 एक्यूआई रिकॉर्ड हुआ। वहीं, कुकरैल निगरानी केंद्र के पास 197, आशियाना स्थित डॉ. बीआर आम्बेडकर विश्वविद्यालय परिसर में 184 और गोमती नगर में 154 एक्यूआई रहा।
वाराणसी ‘रेड जोन’ में पहुंचा, मलदहिया सबसे अधिक प्रदूषित
धार्मिक नगरी वाराणसी में रोशनी के पर्व के बाद प्रदूषण की गहरी चादर छाई नजर आई। शहर का औसत एक्यूआई 301 तक पहुंच गया, जिससे वाराणसी रेड जोन में आ गया है। शहर में सबसे खराब स्थिति मलदहिया इलाके की रही, जहां सूचकांक 359 दर्ज हुआ।
निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक, अर्दली बाजार में 290, भेलूपुर में 279 और बीएचयू परिसर में एक्यूआई 274 दर्ज किया गया। विश्वविद्यालय परिसर जैसे खुले और हरित क्षेत्र में भी प्रदूषण का यह स्तर चिंता का विषय बना हुआ है। हवा में पीएम 2.5, पीएम 10 और कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर सामान्य मानकों से कई गुना ऊपर पहुंच चुका है।
ताजनगरी आगरा में 450 के पार पहुंचा एक्यूआई
आगरा में दीपावली की रात हुई आतिशबाजी के बाद हवा में बारूद और रसायनों की गंध फैल गई। रात 10 बजे के बाद प्रदूषण तेजी से बढ़ा और रात 12 से सुबह 3 बजे के बीच कई इलाकों में एक्यूआई 450 के पार पहुंच गया। कई स्टेशनों पर पीएम 2.5 और पीएम 10 का अधिकतम स्तर 500 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर तक दर्ज किया गया।
संजय प्लेस में सोमवार शाम एक्यूआई 282 रहा, लेकिन वहां पीएम 2.5 का स्तर 500 माइक्रोग्राम तक बना रहा। शास्त्रीपुरम में धूल कणों का स्तर 500 और आवास विकास में सूक्ष्म कण 498 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रिकॉर्ड किए गए। ग्रीन पटाखों की अपील के बावजूद देर रात तक भारी आतिशबाजी हुई, जिससे सोमवार दिनभर आसमान में धुंध छाई रही। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि यदि हवा की गति तेज नहीं हुई और धूप नहीं खिली, तो यह प्रदूषण अगले 10 से 15 दिनों तक परेशान कर सकता है।
देश और दुनिया के आंकड़ों में वायु प्रदूषण की स्थिति
यूएस एक्यूआई (गुड एयर) के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली की रात 12:30 बजे आगरा देश के 20 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 18वें स्थान पर रहा। 8 और 9 नवंबर के आंकड़ों में इंदौर 1784 एक्यूआई के साथ पहले, अहमदाबाद 1164 के साथ पांचवें, भोपाल 828 के साथ 10वें और जयपुर 323 के साथ 20वें स्थान पर रहा।
इसके अलावा ‘एक्यूआई.इन’ के आंकड़ों के अनुसार, विश्व के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में से 99 शहर भारत के रहे। इस दौरान पंजाब का अमृतसर शीर्ष पर रहा, जबकि बठिंडा, पटियाला और फरीदकोट में एक्यूआई 700 से 900 के बीच रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के पानीपत, करनाल, हिसार और देश की राजधानी दिल्ली में भी एक्यूआई 450 से 500 के बीच बना रहा।
स्वास्थ्य पर असर और बचाव के उपाय
हवा में मौजूद पीएम 2.5, पीएम 10 और बारीक धूल कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंचकर गंभीर समस्याएं पैदा कर सकते हैं। इससे लोगों में खांसी, सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और गले में खराश की शिकायतें बढ़ रही हैं। इसका सबसे ज्यादा जोखिम बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा, एलर्जी व हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को है।
विशेषज्ञों ने प्रदूषण से बचाव के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
- बाहर निकलते समय सामान्य सर्जिकल मास्क की जगह केवल एन-95 (N-95) मास्क का उपयोग करें।
- सुबह 5 से 10 बजे के दौरान प्रदूषण का असर अधिक रहता है, इसलिए इस समय खुले में टहलने या व्यायाम करने से बचें।
- घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें तथा संभव हो तो एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें।
- बच्चे, बुजुर्ग और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोग बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और ठंडे पानी के बजाय हल्का गुनगुना पानी इस्तेमाल करें।
- टीबी, दमा, अस्थमा और ब्रोंकाइटिस से पीड़ित मरीज अपनी नियमित दवाएं लेते रहें और समस्या बढ़ने पर डॉक्टर से परामर्श लें।