Mathura News: उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के समय में बदलाव किया गया है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार 11 नवंबर 2026 से नया शीतकालीन सत्र लागू होगा। इसके साथ ही मंदिर परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेवाधिकारियों से पहले अन्य किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
वृंदावन स्थित विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। मंदिर में परंपरा के अनुसार शीतकालीन सत्र के लिए दर्शन का समय बदला जा रहा है। नया टाइम टेबल 11 नवंबर 2026 से प्रभावी होगा। ऐसे में मंदिर आने वाले भक्तों को दर्शन के नए समय के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।
ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में मौसम चक्र के अनुसार कपाट खुलने और बंद होने के समय में बदलाव की प्राचीन परंपरा रही है। शीतकाल के लिए यह बदलाव दीपावली के बाद और ग्रीष्मकाल के लिए होली के बाद लागू किया जाता है। मंदिर के कार्यवाहक प्रबंधक उमेश सारस्वत ने पुष्टि की है कि शीतकालीन सत्र के अंतर्गत नए समय पर दर्शन की व्यवस्था 11 नवंबर से लागू कर दी जाएगी।
अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए नियमों में सख्ती
मंदिर प्रबंधन ने परिसर की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर लगाम लगाने के लिए नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत मंदिर में अब सेवाधिकारियों से पहले किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
नए निर्णय के अनुसार, सुबह 5:30 बजे पहले सेवाधिकारियों को मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद सुबह 6:00 बजे से आम श्रद्धालुओं और अन्य लोगों के लिए प्रवेश शुरू होगा। इसी तरह की समान व्यवस्था शाम के सत्र में भी लागू रहेगी। हालांकि, प्रबंधन के इस निर्णय को लेकर स्थानीय गोस्वामी समाज ने असंतोष व्यक्त किया है।