Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित हो रही है। इस बैठक में राज्य के विकास से जुड़े कुल 18 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। सरकार का यह कदम किसानों, राशन कोटेदारों और सुरक्षा बलों के लिए काफी राहत भरा साबित हो सकता है।
पीआरडी जवानों के मानदेय और स्वास्थ्य बीमा पर बड़ा फैसला
सचिवालय सूत्रों के अनुसार बैठक में प्रांतीय रक्षक दल के 40 हजार जवानों के मानदेय में बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा जाएगा। साथ ही जवानों और उनके आश्रितों को 5 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा देने की योजना है। इस कल्याणकारी नीति से जवानों को सीधा आर्थिक लाभ और सुरक्षा कवच मिलेगा।
कृषि क्षेत्र को गति देने के लिए राज्य सरकार किसानों को कम ब्याज दर पर बड़ा कर्ज उपलब्ध कराएगी। इस नई योजना के तहत किसानों को मात्र 6 प्रतिशत रियायती ब्याज पर 6 लाख रुपये तक का लॉन्ग टर्म लोन दिया जाएगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आधुनिक खेती को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
राशन कोटेदारों के कमीशन में इजाफा और नई औद्योगिक नीति
सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों को बड़ा फायदा मिल सकता है। सरकार उनके कमीशन मार्जिन में 25 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ोतरी करने की तैयारी में है। इसके अलावा स्थानीय विनिर्माण को रफ्तार देने के लिए राज्य में नई खिलौना प्रोत्साहन नीति को भी हरी झंडी दी जा सकती है।
सुरक्षा के मोर्चे पर भी कैबिनेट बैठक में एक बड़ा निर्णय लिया जाना तय माना जा रहा है। रामनगरी अयोध्या में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड का रीजनल हब स्थापित करने के लिए 65 एकड़ जमीन आवंटित होगी। मुख्यमंत्री की इस अहम बैठक में होने वाले अंतिम फैसलों पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं।