Shahjahanpur News: पिछले साल की घटनाओं से सबक लेते हुए शाहजहांपुर पुलिस प्रशासन ने इस बार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित संपन्न कराने की बड़ी तैयारी की है। यात्रा मार्ग पर 500 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा पूरे 90 किलोमीटर के कांवड़ मार्ग पर 100 सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
श्रद्धालु फर्रुखाबाद के पांचाल घाट से गंगाजल लेकर गोला गोकर्णनाथ में जलाभिषेक करने के लिए निकलते हैं। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मंगलवार को बताया कि यात्रा की सुरक्षा के लिए कुल 1100 सिपाही, 210 उप निरीक्षक, 17 निरीक्षक और 7 क्षेत्राधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 44 गश्ती मोटरसाइकिलें और 500 बैरियर भी लगाए गए हैं।
कंट्रोल रूम से निगरानी और गांवों में सुरक्षा समितियां गठित
पुलिस अधीक्षक के अनुसार कांवड़ मार्ग पर लगाए गए 100 सीसीटीवी कैमरे जिला मुख्यालय और बरेली मंडल के कंट्रोल रूम से सीधे जुड़े रहेंगे। पुलिस ने थाना स्तर पर बैठकें करके मार्ग पर पड़ने वाले गांवों में 120 से अधिक सुरक्षा समितियां बनाई हैं। इन समितियों के सदस्य कांवड़ यात्रियों का सहयोग करेंगे और लगातार पुलिस के संपर्क में बने रहेंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार को इस कांवड़ यात्रा का प्रभारी बनाया गया है। संवेदनशील माने जाने वाले अल्लाहगंज और कांट थाना क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष क्षेत्र में चार घटनाएं हुई थीं, जिनमें अल्लाहगंज में हुए एक विवाद के दौरान बस चालक के धक्का देने से कांवड़ यात्री की मौत हो गई थी।