Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में लगातार हो रही बारिश के कारण करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा तड़के उस समय हुआ जब परिवार गहरी नींद में सो रहा था। उमस की वजह से सभी सदस्य एयर कंडीशनर चलाकर कमरे में सोए थे। इसी दौरान बारिश के कारण कमजोर हो चुकी जर्जर मकान की छत और दीवारें अचानक जमींदोज हो गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
राहत टीम ने मलबे से निकाले शव, पूरे इलाके में पसरा मातम
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी और राहत टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से भारी मशक्कत के बाद मलबे को हटाया गया और उसमें दबे लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक 6 लोगों की जान जा चुकी थी। मृतकों में पति-पत्नी, उनका बेटा, बहू और 2 मासूम बच्चे शामिल हैं।
घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मकान अत्यधिक पुराना था, जो बारिश का दबाव नहीं झेल सका। पुलिस ने सभी 6 शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना से इलाके में शोक छा गया है।