Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बलदेव थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां छौली गांव में एक कलयुगी मां ने अपने तीन साल के मासूम बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या की वजह केवल इतनी थी कि प्रेमी से बात करते समय बच्चा शोर मचाता था।
यह घटना करीब एक महीने पुरानी है। सोमवार को मृतक बच्चे के पिता ने मामले की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ के दौरान महिला ने अपने तीन साल के मासूम बेटे माधव की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है।
फोन कॉल के दौरान प्रेमी के सामने कबूला कत्ल का सच
मृतक के पिता के अनुसार 28 जून की शाम पत्नी ने फोन पर सूचना दी थी कि बेटा माधव सोकर नहीं उठ रहा है। आनन-फानन में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया था, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के कुछ दिन बाद पति ने पत्नी को चोरी-छिपे किसी युवक से बात करते हुए सुना।
फोन पर बातचीत के दौरान महिला प्रेमी से बच्चे की हत्या करने की बात कह रही थी। कड़ाई से पूछताछ करने पर महिला ने स्वीकार किया कि प्रेमी से बात करते समय बेटा खेल-खेल में शोर मचाता था। इससे नाराज होकर उसने गुस्से में बच्चे का गला दबा दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूरतगंज में प्रेमी की मौत की खबर सुनते ही किशोरी ने लगाया फंदा
उधर, सूरतगंज के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में एक अन्य दुखद घटना सामने आई है। गांव के पास खेत में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला था। जैसे ही प्रेमी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की खबर किशोरी को मिली, उसने भी अपने घर के अंदर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
इस दोहरे हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है।