नोएडा मॉडल पर बदलेगा लखनऊ का बिजली ढांचा, ट्रिपिंग और कटौती से मिलेगी बड़ी राहत

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निवासियों को जल्द ही ट्रिपिंग और बिजली कटौती से मुक्ति मिलेगी। लेसा वर्ष 2031 तक शहर में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए ‘नोएडा मॉडल’ की तर्ज पर विद्युत ढांचे का कायाकल्प करने जा रहा है। इस योजना पर 2,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

ट्रांसफार्मर खराब होने पर 5 मिनट में शुरू होगी सप्लाई

आरडीएसएस मॉडर्नाइजेशन योजना के तहत लखनऊ में आधुनिक पावर नेटवर्क तैयार किया जाएगा। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यदि किसी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर ओवरलोड होता है या फुंक जाता है, तो उपभोक्ताओं को घंटों अंधेरे में नहीं रहना पड़ेगा। महज 5 से 10 मिनट के भीतर वैकल्पिक ट्रांसफार्मर या फीडर से बिजली चालू कर दी जाएगी।

40 नए उपकेंद्र और 10 सबस्टेशन का होगा निर्माण

2,500 करोड़ रुपये के इस विशाल प्रोजेक्ट के तहत लखनऊ में 40 नए उपकेंद्रों और 10 पावर ट्रांसमिशन सबस्टेशन का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा ट्रिपिंग रोकने के लिए 11 केवी की पुरानी लाइनों की जगह आधुनिक इंसुलेटेड कंडक्टर लगाए जाएंगे। योजना के तहत अमौसी, सेंट्रल, गोमतीनगर और जानकीपुरम जोन के लिए अलग-अलग बजट आवंटित किया गया है।

स्कॉडा सिस्टम से ऑटोमैटिक शिफ्ट होगा पावर लोड

इस आधुनिक प्रोजेक्ट का सबसे प्रमुख आकर्षण स्कॉडा सिस्टम पर आधारित हाईटेक कंट्रोल रूम होगा। इस ऑटोमेशन तकनीक के जरिए किसी लाइन में खराबी आते ही सिस्टम बिना इंसानी मदद के तुरंत दूसरे चालू विकल्प पर पावर लोड शिफ्ट कर देगा। पावर कॉरपोरेशन के चेयरमैन डॉ. आशीष गोयल के साथ बैठक के बाद प्रोजेक्ट पर काम शुरू होगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News