Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी में देर रात जमकर हंगामा हुआ। डिलीवरी बॉय को सुरक्षा नियमों के तहत रोके जाने पर एक महिला भड़क गई। महिला ने सुरक्षा गार्ड्स के साथ न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि मारपीट का भी प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, महिला ने ऑनलाइन कुछ जरूरी सामान मंगवाया था। मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने नियमों के अनुसार डिलीवरी बॉय का वेरिफिकेशन और ऐप पर एंट्री दर्ज कराने के लिए कहा। इस प्रक्रिया से नाराज होकर महिला सीधे गेट पर पहुंच गई और गार्ड्स से उलझ पड़ी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ गाली-गलौज का वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला सुरक्षाकर्मियों पर चिल्लाती, अपशब्द कहती और हाथापाई की कोशिश करती दिखाई दे रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला ने सुरक्षा गार्ड को लात और थप्पड़ मारने की कोशिश भी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हंगामे की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिलीवरी बॉय के प्रवेश सत्यापन को लेकर विवाद शुरू हुआ था। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।