Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक जेसीबी (बुलडोजर) की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। गुरुवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए, जबकि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो साझा करते हुए इन आरोपों को खारिज किया और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार शाम गोरखपुर स्थित पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और संवेदना व्यक्त की। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के लोगों ने एक नाबालिग छात्र को कुचलकर उसकी हत्या की है। उन्होंने कहा कि मृतक हाईस्कूल का छात्र था, स्कूल से घर लौट रहा था और एक स्वाधीनता संग्राम सेनानी के परिवार से संबंध रखता था। मुख्यमंत्री के मुताबिक, जेसीबी से टक्कर लगने के बाद उस पर जबरन वाहन चढ़ाया गया।
सीएम योगी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सड़कें चलने के लिए होती हैं, गुंडागर्दी के लिए नहीं और उत्तर प्रदेश में किसी भी कीमत पर अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में माफियाओं ने प्रदेश को नुकसान पहुंचाया था और अब फिर से गर्मी चढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को दोषियों के खिलाफ कानून के दायरे में कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कहा कि घटना में शामिल हर व्यक्ति की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए उसके साथ खड़ी है।
अखिलेश यादव ने आरोपों को नकारा, मांगी उच्चस्तरीय जांच
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हादसे से जुड़ा एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि घटनास्थल पर न तो सपा का रोड शो दिखाई दे रहा है और न ही कोई रैली। उन्होंने कहा कि सपा की रैली में शामिल जेसीबी से बच्चे की जान नहीं गई है।
अखिलेश यादव ने लिखा कि बिना सबूत आरोप लगाना निंदनीय है और इससे शोक संतप्त परिवार के साथ भी अन्याय हो रहा है। उन्होंने पूरे मामले की सर्वोच्च स्तरीय जांच कराकर सच्चाई सामने लाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि भविष्य में स्वागत के लिए बुलडोजर का उपयोग न किया जाए, क्योंकि बुलडोजर के अंदर दिमाग नहीं बल्कि ड्राइवर होता है।