Ayodhya News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने शुक्रवार को अयोध्या के सोहावल में रैली की। इस दौरान उन्होंने बीकापुर सीट से जितेंद्र सिंह उर्फ बबलू को प्रत्याशी घोषित किया और समाजवादी पार्टी के पीडीए फॉर्मूले तथा भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अयोध्या से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की है। शुक्रवार को अयोध्या के सोहावल क्षेत्र में आयोजित विशाल रैली को संबोधित करते हुए बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी (SP), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। इस मौके पर उन्होंने बीकापुर विधानसभा सीट से जितेंद्र सिंह उर्फ बबलू को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया।
रैली में अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए आकाश आनंद ने विरोधियों पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “लोग कहते हैं कि आकाश आजकल बहुत गुस्सा करता है और गुस्से में भाषण देता है। मैं आज पहले ही स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि गुस्से में कुछ नहीं कहूंगा। आज हम सिर्फ हिसाब पढ़ेंगे। अगर हंसी आए तो हंस लीजिएगा और अगर गुस्सा है तो हिसाब बराबर करने के लिए हाथी के सामने वाला बटन दबाकर बहन जी को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का काम कीजिएगा।”
बाबा साहेब के संविधान और मायावती के संघर्ष का जिक्र
आकाश आनंद ने कहा कि एक समय ऐसा था जब बहुजन समाज के लोगों को मंच के सामने कुर्सी पर बैठने तक का अधिकार नहीं मिलता था। डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान ने सभी को एक व्यक्ति, एक वोट और एक कीमत का अधिकार दिया। इसी संवैधानिक ताकत के बल पर एक साधारण परिवार की बेटी मुख्यमंत्री के पद तक पहुंची। उन्होंने कहा कि बिना किसी बड़े घराने या पूंजीपति के समर्थन के, शिक्षिका रहीं मायावती ने कांशीराम के बताए मार्ग पर चलते हुए त्याग और संघर्ष के दम पर चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनने का इतिहास रचा।
अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले और सपा पर हमला
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए (PDA) फॉर्मूले पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने कहा कि वह अखिलेश यादव का सम्मान करते हैं, लेकिन उन्हें खुद नहीं पता कि वह क्या करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कल तक पीडीए में ‘पी’ का अर्थ पिछड़ा था, लेकिन ब्राह्मण समाज के बसपा से जुड़ने के बाद रातोंरात इसका मतलब बदलकर पंडित कर दिया गया। उन्होंने तंज कसा कि चुनाव आते-आते ‘पी’ का अर्थ फिर बदल जाएगा और अब ‘डी’ व ‘ए’ इस चिंता में हैं कि कहीं अगली बार उनका नंबर न कट जाए।
आगरा में हुए सपा के दलित सम्मेलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि एक दिन के सम्मेलन से पूरी पार्टी आंबेडकर की अनुयायी नहीं बन सकती। उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव के एक बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जिस भीड़ को सम्मान देने वह पहुंचे थे, उसी पर नाराज होकर लोगों को ‘मूरख’ कह दिया। आकाश आनंद ने इस टिप्पणी के लिए अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव से समाज से माफी मांगने की मांग की और चेतावनी दी कि माफी न मांगने पर जनता चुनाव में वोट से जवाब देगी।
भाजपा सरकार को रोजगार और कानून-व्यवस्था पर घेरा
आकाश आनंद ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने पेपर लीक, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को उठाते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए अभी से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। पहली बार अयोध्या पहुंचे आकाश आनंद की इस रैली में अयोध्या के साथ-साथ सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर जिलों से भी बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता शामिल हुए।