Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां कार चालक ने एक युवक को खिड़की से घसीटते हुए करीब 500 मीटर तक दौड़ाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामले को शांतिपूर्वक सुलझा दिया है।
साइकिल में टक्कर के बाद कार चालक ने भागने का प्रयास किया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक तेज रफ्तार कार ने लड़की की साइकिल को टक्कर मार दी। मौके पर कहासुनी होने पर कार चालक भागने लगा। इसी दौरान एक युवक ने कार की खिड़की पकड़कर उसे रोकने का प्रयास किया। चालक ने गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी और युवक को घसीटता चला गया।
थाने में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से हुआ फैसला
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर दो बजे यह हादसा हुआ था। पूछताछ के लिए दोनों पक्षों को पुलिस स्टेशन बुलाया गया। किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी, इसलिए मामले का बिना कानूनी कार्रवाई निपटारा हुआ।