गोरखपुर को बड़ी सौगात: सीएम योगी करेंगे प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास

Share

- Advertisement -

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज वन क्षेत्र स्थित भारीवैसी में उत्तर प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय (फॉरेस्ट्री एंड हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी) का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वे जिले को 621.05 करोड़ रुपये की 16 विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं के लोकार्पण की सौगात देंगे।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम स्थल पर मजदूर हेलीपैड तैयार करने में जुटे हैं। भारीवैसी में आयोजित होने वाले इस समारोह में मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जा रहा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय सबसे प्रमुख है। 50 हेक्टेयर (123.55 एकड़) क्षेत्रफल में बनने वाले इस विश्वविद्यालय के निर्माण पर 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी।

आधुनिक पाठ्यक्रम और नौकरियों में आरक्षण का प्रस्ताव

इस विश्वविद्यालय में वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल एवं बागवानी सहित कई आधुनिक विषयों की पढ़ाई होगी। यहां स्नातक (B.Sc.), परास्नातक (M.Sc.), पीएचडी (Ph.D.) के साथ-साथ डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।

खास बात यह है कि इस विश्वविद्यालय से डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य वन सेवा तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण प्रदान किए जाने का भी प्रस्ताव है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

विधायक ने लिया तैयारियों का जायजा, स्वागत में सजा क्षेत्र

कैंपियरगंज के विधायक फतेह बहादुर सिंह ने भारीवैसी पहुंचकर समारोह स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सभा स्थल, शिलान्यास स्थल, पार्किंग और हेलीपैड सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत के लिए पूरे क्षेत्र को होर्डिंग और बैनर से सजाया जा रहा है। महावनखोर और राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे होर्डिंग लगाए गए हैं। नगर पंचायत चौमुखा की ओर से भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं और फ्लाईओवर पर भाजपा के झंडों के साथ तिरंगा लगाने की तैयारी चल रही है।

विधायक फतेह बहादुर सिंह के नेतृत्व में जंगल कौड़िया, पीपीगंज ग्रामीण एवं नगर, कैंपियरगंज और सोनौरा मंडल के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील कर रहे हैं। तैयारियों में पीपीगंज चेयरमैन लक्ष्मण विश्वकर्मा, चौमुखा चेयरमैन शिखा देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गोपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख अश्वनी जायसवाल, मंडल अध्यक्ष त्रिभुवन पासवान, धीरज त्रिपाठी, अनिल अग्रहरि, संगम दुबे, डोरा सिंह और अखिलेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News