अपराधियों का ठिकाना सिर्फ जेल या जहन्नुम: गाजीपुर में सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना, 692 करोड़ की सौगात दी

Share

- Advertisement -

Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर के मुहम्मदाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अपराधियों का ठिकाना केवल जेल या जहन्नुम है। उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य से माफियाराज का खात्मा किया है।

मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए स्थानीय सांसद पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें विकास कार्यों से कोई सरोकार नहीं है। सीएम ने जनता से योग्य जनप्रतिनिधि चुनने की अपील की और युवाओं को प्रदेश के विकास में अपनी सकारात्मक भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

गाजीपुर की सातों विधानसभाओं को मिली 692 करोड़ रुपये की सौगात

मुहम्मदाबाद स्थित नवीन कृषि मंडी में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 692 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके अलावा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक प्रदान किए।

पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि पहले त्योहारों पर उपद्रव होते थे और सरकारी नौकरियों में धांधली की जाती थी। हालांकि, अब राज्य में कानून का शासन स्थापित है और किसी भी नागरिक को डरने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।

माफिया किसी का सगा नहीं होता, पूर्वांचल में विकास की बयार

मुख्यमंत्री ने गाजीपुर को लहुरी काशी और ऋषियों की पावन भूमि बताते हुए कहा कि माफिया ने इस जिले की ऐतिहासिक पहचान को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि माफिया किसी का भला नहीं सोचता, बल्कि वह समाज का शोषण और व्यापारियों को भयभीत करता है।

उन्होंने बताया कि डबल इंजन सरकार पूर्वांचल के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को अब चंदौली, वाराणसी और सोनभद्र तक विस्तारित किया जाएगा, जिससे इस पूरे क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News