यूपी में अजीबोगरीब मामला: बागपत में एक ही परिवार को बार-बार डस रहा सांप, बाराबंकी में बच्चे की मौत

Share

- Advertisement -

Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बिनौली गांव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के लोगों पर सांप बार-बार हमला कर रहा है। सोमवार शाम सांप ने एक युवती को एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार डस लिया। गंभीर हालत में युवती को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पीड़ित युवती खुशी के भाई राजा को भी पिछले एक महीने में सांप पांच बार डस चुका है। 22 जुलाई को भी खुशी को सांप ने काटा था। सांप के इस रहस्यमयी और लगातार हो रहे हमलों से पूरा परिवार गहरे खौफ में है। परिजन रात-रात भर जागकर डर के साये में समय बिताने को मजबूर हैं।

बाराबंकी के स्कूल में सांप के काटने से मासूम छात्र की दर्दनाक मौत

दूसरी तरफ बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ स्थित प्राथमिक विद्यालय सहावर प्रथम में तीसरी कक्षा के 7 वर्षीय छात्र अंशु को जहरीले सांप ने डस लिया। आरोप है कि शौचालय के पास हुई इस घटना के बाद स्कूल में मौजूद महिला शिक्षामित्र ने लगभग साढ़े तीन घंटे तक बात छुपाए रखी, जिससे इलाज में देरी हो गई।

जब बच्चे के मुंह से झाग निकलने लगा और शरीर ठंडा पड़ने लगा, तब परिजनों को सूचना दी गई। आनन-फानन में परिजन बच्चे को सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सीएचसी में शव रखकर जमकर प्रदर्शन किया और दोषी शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

शिक्षामित्र की संवेदनहीनता पर परिजनों का गुस्सा फूटा

सहपाठियों के अनुसार अंशु ने बाथरूम से लौटकर तुरंत शिक्षामित्र को सांप के काटने की जानकारी दी थी। लेकिन आरोप है कि शिक्षामित्र ने उसे डांटकर क्लास में बैठा दिया। काफी समय बीत जाने के बाद जब बच्चे की स्थिति बिगड़ी, तब परिजनों को बुलाया गया। हेडमास्टर और शिक्षामित्र अस्पताल भी नहीं पहुंचे, जिससे ग्रामीण बेहद आहत हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने एडीएम, अपर पुलिस अधीक्षक और बीएसए की तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। खंड शिक्षा अधिकारी ने हेडमास्टर और शिक्षामित्र के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की सिफारिश भेजी है। स्कूल परिसर में फैली गंदगी और झाड़ियों को लेकर पहले भी निर्देश जारी किए गए थे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News